Himachal Pradesh: शिमला में मेयर व डिप्टी मेयर की घोषणा 15 को, कई वरिष्ठ पार्षद रेस में शामिल

16

shimla-nagar-nigam-chunav

शिमला: शिमला नगर निगम के नए मेयर एवं डिप्टी मेयर के लिए शहरवासियों को तीन दिन का इंतज़ार करना पड़ेगा। 15 मई को शिमला नगर निगम को नया मेयर एवं डिप्टी मेयर मिल जाएगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को शिमला में कहा कि मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर 14 मई को बैठक रखी गई है। 15 मई को मेयर और डिप्टी मेयर का चयन कर उनके नामों का ऐलान किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू छह दिन बाद शिमला लौटे हैं। पांच मई को वह कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार में गए थे। बाद में उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से भेंट की।

कई वरिष्ठ पार्षद मेयर एवं डिप्टी मेयर की दौड़ में चल रहे हैं। जानकारी अनुसार नौ पार्षद मेयर की दौड़ में शामिल हैं। इनमें छोटा शिमला से पार्षद सुरेंद्र चौहान, टूटीकंडी से उमा कौशल, सांगटी से कुलदीप ठाकुर, भट्टाकुफर से नरेंद्र ठाकुर, रामबाज़ार से सुषमा कुठियाला, नाभा से सिमी नन्दा, विकासनगर से रचना भारद्वाज, कैथू से कांता स्याल और कनलोग से आलोक पठानिया दावेदार हैं। इनमें ज्यादातर दो व तीन मर्तबा पार्षद रह चुके हैं।

सुरेंद्र चौहान दौड़ में सबसे आगे –

खबरों की मानें तो मेयर व डिप्टी मेयर पदों के लिए दावेदार पार्षद विधायकों, मंत्रियों से लेकर पार्टी पदाधिकारियों के दरबार में हाजिरी लगाकर लॉबिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के गृह वार्ड छोटा शिमला के पार्षद सुरेंद्र चौहान मेयर बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। उन्हें सुक्खू का करीबी माना जाता है। पुरुष पार्षद के मेयर बनने की सूरत में डिप्टी मेयर पर महिला पार्षद को बिठाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें..अब झारखंड में ही मिलेगा कैंसर का इलाज, 400 करोड़ से…

महिला पार्षद भी ठोंक रहीं दावा –

मेयर व डिप्टी मेयर के चयन में कांग्रेस के समक्ष बड़ी चुनौती है। नगर निगम में इस बार 21 महिलाएं पार्षद निर्वाचित हुई हैं। कांग्रेस की कई महिला पार्षद इन पदों के लिए दावा ठोक रही हैं। ऐसे में महिलाओं का दावा दरकिनार करना आसान नहीं होगा। इसके अलावा कांग्रेस को इन पदों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन को भी साधना होगा।

दरअसल, शिमला नगर निगम के 34 वार्डों में तीन विधानसभा क्षेत्र आते हैं। शिमला शहरी हल्के से सर्वाधिक 18 वार्ड हैं। जबकि कसुम्पटी हल्के से 12 और शिमला ग्रामीण में चार वार्ड आते हैं। कांग्रेस को शिमला शहरी में 13, कसुम्पटी में सात और शिमला ग्रामीण में सभी चार वार्डों पर जीत मिली है। उल्लेखनीय है कि शिमला नगर निगम के 34 वार्डों में दो मई को करीब 58 फीसदी मतदान हुआ था। चार मई को आये चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने सर्वाधिक 24 सीटें जीतीं। भाजपा को नौ सीटें मिलीं जबकि माकपा की झोली में एक सीट गई है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)