Shimla: सीएम के बयान को भाजपा ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कहा- राज्य में दोहरी कानूनी व्यवस्था

0
3

शिमला (Shimla): विपक्षी दल भाजपा ने पर्यटकों को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और गैरजिम्मेदाराना बताया है। बीजेपी का कहना है कि मुख्यमंत्री के इस बयान से राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक और विधायक रणधीर शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री का बयान आया है कि नये साल का जश्न मनाने आने वाले पर्यटकों को पुलिस छोड़ देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान नशाखोरी को बढ़ावा देने की ओर इशारा कर रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने बयान में जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह किसी भी मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता।

यह भी पढ़ें-kangra में बनेगा अत्याधुनिक जू, सफारी व इको विलेज होंगे आकर्षणः सीएम सुक्खू

बिगड़ सकती है कानून व्यवस्था

रणधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के मुख्यमंत्री के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण मानती है। मुख्यमंत्री के बयान के मुताबिक, अगर कोई स्थानीय व्यक्ति ऐसी हालत में पाया गया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। इससे साफ पता चलता है कि हिमाचल में दोहरी कानूनी व्यवस्था अपनाई जा रही है। हिमाचल प्रदेशवासियों के लिए अलग कानून और पर्यटकों के लिए अलग। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद पर्यटकों के साथ-साथ कई सामाजिक और आपराधिक तत्व राज्य में प्रवेश कर सकते हैं और राज्य की कानून व्यवस्था को खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस बयान को वापस लेने की मांग की है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)