उत्तर प्रदेश

Navratri 2023: नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Navratri-2023 Shardiya Navratri 2023: मां आदिशक्ति को समर्पित नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि उत्सव आज (रविवार) से शुरू हो गया है। आज घर-घर शुभ मुहूर्त में घटस्थापना के साथ मां आदिशक्ति की प्रतिमाएं स्थापित की गई। सुबह से ही श्रद्धालु देवी मां की भक्ति में लीन दिखे। मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। वहीं शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन सुबह से ही देवी आदिशक्ति के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भक्त धूप, दीप, पुष्प, नैवेद्य आदि मां को अर्पित कर पूजन-अर्चन कर रहे हैं।

इस साल शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शारदीय नव रात्रि पर माता कैलाश पर्वत से अपने मायके आती हैं और भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आ रही हैं, जो एक शुभ संकेत माना जा रहा है। शास्त्रों के अनुसार हाथी को बुद्धि, ज्ञान और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इस वर्ष शारदीय नवरात्रि पर दुर्लभ संयोग भी बन रहे है, जिससे इस वर्ष की शारदीय नवरात्रि का महत्व और अधिक बढ़ गया। ये भी पढ़ें..UP: नवरात्रि के पहले दिन CM योगी ने गोरखपुर को दी 234 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

माता शैलपुत्री को सफेद रंग प्रिय

बता दें कि नवरात्रि पर मां के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। आज नवरात्रि के प्रथम दिन भक्त मां के प्रथम स्वरूप (शैलपुत्री) का पूजन अर्चन कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माता शैलपुत्री को सफेद रंग प्रिय है। माता शैलपुत्री की पूजा में सफेद फूल, सफेद चंदन और सफेद मिठाई अर्पित करें। इस शारदीय नवरात्रि में सर्वार्थसिद्धि योग, रवि योग, भद्रवास योग आदि पड़ने से इसका महत्व और भी बढ़ गया है। मंदिरों में भक्तों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। सभी मंदिरों और चौक-चौराहों पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)