शाहजहांपुर को मिली लाखों की परियोजनाएं, वित्त मंत्री ने कही ये बात

23

Shahjahanpur got projects worth lakhs

 

शाहजहांपुरः यूपी के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को ददरौल विधान सभा क्षेत्र के कस्बा कांट स्थित रामलीला मैदान से 19465.33 लाख की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अजीजगंज, चौहनापुर, कुर्रियाकलां, कांट होते हुए मदनापुर तक बनने वाले कई किलोमीटर लम्बे मार्ग का शिलान्यास एवं भूमि पूजन भी किया।

जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तपस्या, त्याग और परिश्रम किसी से छिपा नहीं है। नए भारत का निर्माण हो रहा है। धन का सदुपयोग हो रहा है। विकास के लिए योजनाएं आ रही हैं, जो कि धरातल पर दिख रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में बड़ी-बड़ी बातें होती थीं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं था। चंद लोग विकास के नाम पर योजनाओं व धन का बंदरबांट कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आज विकास हो रहा है। उक्त सड़क के बनने से जिले की तस्वीर बदलेगी। कांट हब बन कर उभरेगा, लोगों का पलायन रुकेगा, व्यवसाय उभरेंगे, लोगों की आमदनी बढ़ेगी और जीवन शैली में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि परिवर्तन लाना आसान नहीं इसके लिए मजबूत इच्छाशक्ति, लक्ष्य, नेतृत्व, दूरदृष्टि , जन सहयोग जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आज देश व प्रदेश में परिवर्तन हो रहा है। लोगों को परिवर्तन दिख व महसूस हो रहा है।

जितिन प्रसाद ने कहा कि जिस तरह से पिछले चुनावों में वोटों की बौछार हुई और जिले की छह विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक चुने गए। उसी तरह से जिले के विकास के लिए योजनाओं की बौछार होगी। बड़ी से बड़ी परियोजनाओं को लाने का उनका प्रयास रहेगा।

इस दौरान जितिन प्रसाद ने आगामी नगर निकाय और लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि जो समर्थन पिछले चुनाव में मिला वह आगे भी भाजपा को मिलना चाहिए। भाजपा सरकार विकास की गंगा बहा रही है ऐसे में उनका सिर झुकना नहीं चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के विकास के लिए धन और योजनाओं की कोई कमी नहीं आएगी।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि विकास के लिए अमन-चैन जरूरी है लेकिन सपा सरकार में प्रदेश विकास से कोसो दूर था। प्रदेश में गुंडागर्दी, जंगलराज चरम सीमा पर था। उत्तर प्रदेश की गिनती एक बीमार प्रदेश के रूप में होती थी। प्रदेश छोड़ कर बाहर जाने वाले लोग खुद को उत्तर प्रदेश का निवासी बताने में शर्म महसूस करते थे। लेकिन जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कमान संभाली है, तब से प्रदेश की गिनती विकसित प्रदेश के रूप में हो रही है। योगी सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि 2015-2016 में अखिलेश सरकार में जो बजट तीन लाख दो हजार करोड़ था वो आज भाजपा सरकार में बढ़कर छह लाख नब्बे हजार करोड़ है। गंगा एक्सप्रेस-वे शाहजहांपुर से होकर निकल रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जो भूमि अधिकृत की गई थी उसकी एवज में सरकार ने भूमि स्वामियों को 534 करोड़ रुपये उनके खातों में भेजे हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे बनने से सफर सस्ता और सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा व बसपा की भी सरकार रही है। पिछले छह सालों से प्रदेश में योगी सरकार है। जनता के सामने तीनों सरकारों के लेखा-जोखा मौजूद है। जनता सब देख रही है और सब जानती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)