शाह बोले- असम का विकास सिर्फ भाजपा ही कर पाएगी

0
48

नलबाड़ीः केवल भाजपा ही असम को विकास के रास्ते पर आगे ले जा सकती है। ये बातें रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कही। नलबाड़ी में असम प्रदेश भाजपा ने विजय संकल्प समावेश का आयोजन किया था जिसमें अमित शाह ने हिस्सा लेते हुए निचले असम में एक तरह से विधानसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। इस मौके पर लाखों की संख्या में लोग मौजूद थे।

अमित शाह ने शहीद मुकुंद को प्रणाम करते हुए उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि नलबाड़ी ज्ञान-विज्ञान का क्षेत्र है। नलबाड़ी तथा असम के महान विद्वान, मनीषियों का नाम लेते हुए उन्होंने श्रद्धा से याद करते हुए कहा कि असम में महापुरुष शंकरदेव, माधव देव ने भक्ति आंदोलन को आगे बढ़ाया था। नगांव के बटद्रवा थान (श्रीमंत शंकरदेव का जन्म स्थान) के विकास के लिए तथा असम के 08 हजार नामघरों को आर्थिक अनुदान प्रदान कर असम सरकार ने महान संतो के भक्ति आंदोलन को आगे बढ़ाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि जो पार्टियां असम के संस्कृति की बातें वर्तमान समय में कर रही हैं वे लंबे समय तक यहां पर शासन करने के बाद भी सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के अलावा और कुछ भी नहीं किया। इस मौके पर उन्होंने हाल ही में महागठबंधन बनाकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही कांग्रेस तथा एआईयूडीएफ की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेसी और बदरुद्दीन अजमल मिलकर सभी दरवाजों को खोल देंगे और राज्य में अवैध अनुप्रवेशकारियों को यहां आने में उनकी सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठियों को अगर कोई रोक सकता है तो वह सिर्फ और सिर्फ मोदी सरकार ही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर मोदी सरकार ने अपनी मंशा साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों से इस मुद्दे को कोई छूने तक की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। मोदी सरकार ने 5 अगस्त, 2019 को कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर सदैव के लिए उसे भारत के मानचित्र में शामिल कर दिया।

राम मंदिर निर्माण के लिए सैकड़ों वर्षों से मांग उठती आ रही थी। किसी ने इस समस्या के समाधान के लिए साहस नहीं उठाया। नरेंद्र मोदी के दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद आज यह संभव हुआ कि भगवान श्रीराम का गगनचुंबी मंदिर के निर्माण का कार्य आरंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस सांप्रदायिक दल कहती है। मोदी ने कहा कि मैं, कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि केरल में मुस्लिम लीग के साथ और असम में बदरुद्दीन अजमल से मित्रता किया है। ऐसे में अब कांग्रेस किस प्रकार धर्मनिरपेक्ष अपने आपको पार्टी कह सकती है।

उन्होंने कहा कि असम की सुरक्षा के लिए केंद्र और राज्य दोनों में नरेंद्र मोदी नेतृत्वाधीन भाजपा की सरकार बनाएं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की नीति पर चलते हुए आपस में फूट डालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के समय कांग्रेस ने ही आंदोलनकारियों को गोली मारी थी। अब यह आंदोलनकारी कांग्रेस का सहयोग करने की सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही असम को विकास के रास्ते पर आगे ले जा सकती है। बाढ़ और तट कटाव की समस्या का समाधान भाजपा के आने पर होगा।

उन्होंने एक बार फिर से राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर अमित शाह ने भाजपा सरकार के शासनकाल में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा उपस्थित जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि चाय बागान के चाय श्रमिकों के लिए सरकार ने बहुत काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज के समय में चाय श्रमिकों के वेतन वृद्धि को लेकर आंदोलन कर रही है। यह कांग्रेस का घड़ियाली आंसू है। कांग्रेस के शासनकाल में चाय श्रमिकों को कुछ भी नहीं मिलता था। लेकिन, भाजपा उचित समय पर चाय श्रमिकों के वेतन वृद्धि की मांग को निश्चित तौर पर पूरा करेगी।

अमित शाह ने कांग्रेसी नेता और बदरुद्दीन अजमल को लेकर उन्होंने उपस्थित जनता से सवाल किया कि इन्होंने असम के लिए क्या किया है। 13वें वित्त आयोग के तहत डॉ मनमोहन सिंह सरकार 79 हजार करोड रुपए असम को दिया था। जबकि, 14वें वित्त आयोग के तहत मोदी सरकार ने 01 लाख 55 हजार 292 करोड़ रुपए राज्य को प्रदान किया है। इससे साबित होता है कि असम के हितों की रक्षा सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

इस मौके पर असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि मामलों के मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय समिति के उपाध्यक्ष व असम के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, असम के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास के साथ ही असम सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक व पार्टी के वरिष्ठ व कनिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।