Featured मनोरंजन

शादी की 37वीं सालगिरह पर शबाना आजमी ने शेयर की थ्रोबैक तस्वीर, काफी दिलचस्प है इनकी लव स्टोरी

shabana_javed_601

मुंबईः फिल्म अभिनेत्री शबाना आजमी और गीतकार जावेद अख्तर की शादी की आज 37वीं सालगिरह है। इस खास मौके पर शबाना आजमी ने सोशल मीडिया पर थ्रोबैक तस्वीर साझा की है। ब्लैक एंड वाइट तस्वीर में शबाना, जावेद अख्तर के साथ बहुत खुश नजर आ रही हैं। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर को साझा करते हुए शबाना आजमी ने अपने पति जावेद अख्तर को शादी की सालगिरह की बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि 37 साल एक साथ। हम दोनों को शादी की सालगिरह मुबारक। गीतकार जावेद अख्तर ने दो शादियां की हैं। उनकी पहली पत्नी का नाम हनी ईरानी है, जिनसे उन्हें दो बच्चे फरहान अख्तर और जोया अख्तर हैं। जावेद ने 1984 में दूसरी शादी अभिनेत्री शबाना आजमी से की।

काफी दिलचस्प है जावेद अख्तर और शबाना आजमी की लव स्टोरी
जावेद अख्तर की पहली मुलाकात शबाना आजमी से उनके घर पर ही हुई थी। शबाना आजमी के पिता कैफी आजमी मशहूर शायर थे और उस समय जावेद भी काफी शायरी लिखा करते थे और उन्हें सुनाने के लिए वह अक्सर कैफी आजमी के घर जाया करते थे। इसी दौरान उनकी नजर एक दिन शबाना से टकरा गई। हालांकि जावेद को थोड़ी हिचकिचाहट थी क्योंकि जावेद का रिलेशनशिप स्टेटस मैरिड था और शबाना उनसे उम्र में भी दस साल छोटी युवती थीं, लेकिन समय के साथ चीजें काफी बदलने लगी थीं। ऐसे में एक दिन जावेद ने पहला कदम बढ़ाया और एक पार्टी में जहां शबाना भी थीं, जावेद ने शबाना की फिल्म ‘स्पर्श’ का जिक्र छेड़ दिया और उनके परफॉर्मेंस की तारीफ करने लगे।

यह भी पढ़ें-खौफनाकः चलती बस में चालक को पड़ा दिल का दौरा, मौत से पहले ऐसे बचाई 30 यात्रियों की जान

इसके बाद दोनों के बातचीत का सिलसिला बढ़ने लगा और समय के साथ दोनों की दोस्ती भी। जल्द यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों एक-दूसरे के साथ हमेशा के लिए रहना चाहते थे। यह बात जैसे ही शबाना के माता-पिता को पता चली वह काफी नाराज हुए। शबाना की मां शौकत नहीं चाहती थीं कि उनकी बेटी किसी शादीशुदा आदमी के साथ अपना घर बसाये। वहीं कैफी भी इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन शबाना जावेद के प्यार में पड़ चुकी थीं। उन्होंने अपनी मां और पिता से मिन्नतें की थीं। जिसके बाद 1978 में जावेद ने अपनी पहली पत्नी हनी ईरानी से तलाक ले लिया। इसके बाद जावेद और शबाना ने अपने छह साल लंबे रिश्ते को नाम दिया और 9 दिसंबर 1984 में मुस्लिम रीति-रिवाज से दोनों ने निकाह कर लिया। हालांकि इस शादी से शबाना को कोई बच्चा नहीं है, लेकिन शबाना की जावेद और हनी ईरानी के बच्चों से अच्छे रिश्ते हैं। जावेद अख्तर और शबाना आजमी के बीच आज भी एक मजबूत और खास बॉन्डिंग है। जावेद अख्तर अभी भी लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वहीं शबाना आजमी जल्द ही फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में नजर आएंगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)