कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह का निधन, सीएम नीतीश समेत कई नेताओं ने जताया शोक

50

पटनाः बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंद सिंह का बुधवार की सुबह पटना के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे काफी लंबे समय से बीमार थे। बिहार कांग्रेस के सबसे अनुभवी नेता माने जाने वाले सिंह के निधन की खबर सुनकर शोक संवेदनाओं का तांता लग गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि सदानंद सिंह अनुभवी राज नेता थे। वे अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने उनके निधन पर कहा कि उनके निधन के साथ बिहार में कांग्रेस के एक युग का अंत हो गया है। डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता सदानंद सिंह के निधन की खबर व्यथित कर देने वाली है। उनके जाने से बिहार के राजनीतिक व सामाजिक जगत में उभरा शून्य जल्द भरा नहीं जा सकेगा। हमारी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों मे स्थान दें। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सदानंद सिंह के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा। वे एक कुशल राजनेता थे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

यह भी पढ़ें-हैप्पी बर्थडेः 16 साल की उम्र में परिवार की मर्जी के…

बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सदानंद सिंह पिछले दो महीने से काफी बीमार थे। उन्होंने बुधवार को पटना के निजी अस्पताल में अंतिम सांसें ली। भागलपुर के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र का विधानसभा में कई बार प्रतिनिधित्व कर चुके श्री सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश ने बताया कि उनके पिता की तबियत जुलाई से खराब हुई थी। अगस्त में एक बार फिर फिर तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पटना के दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह का आज स्वर्गवास हो गया। एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ। आपका हंसता हुआ चेहरा हमेशा याद आएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)