प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सतीश महाना होंगे यूपी विधानसभा अध्यक्ष, विपक्ष ने भी दिया समर्थन

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक सतीश महाना 18वीं उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। महाना ने सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और किसी भी विपक्षी दल ने उनके खिलाफ नामांकन दाखिल नहीं किया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि सोमवार दोपहर दो बजे थी। महाना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन में प्रस्तावकों में जनसत्ता दल के रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी शामिल थे। उनके चुनाव की घोषणा मंगलवार को की जाएगी। वह योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में औद्योगिक विकास मंत्री थे। सतीश महाना जिन्होंने इस साल राज्य विधानसभा में अपना आठवां चुनाव जीता है, कानपुर में महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। एक लोकप्रिय नेता, महाना हमेशा विवादों से दूर रहे हैं और उनकी स्वीकार्यता हर राजनीतिक वर्ग में रही है।

ये भी पढ़ें..एक्ट्रेस नेहा शर्मा के किलर लुक को देख रूक जायेंगी दिल...

उल्लेखनीय है कि योगी आदित्यनाथ 2.0 के मंत्रियों की सूची में वरिष्ठ नेता सतीश महाना का नाम नहीं था। तभी से यह कयास लगने तेज हो गये थे कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। 18वीं विधानसभा में ह्दय नारायण दीक्षित का स्थान लेने वाले सतीश महाना 1991 से लगातार निर्वाचित होते आये हैं और वह अपने क्षेत्र के लोकप्रिय नेता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में सतीश महाना ने 8वीं बार जीत हासिल की है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)