प्रदेश उत्तर प्रदेश राजनीति

सतीश चंद्र मिश्र ने किया प्रहार, बोले-भाजपा सरकार में ब्राह्मणों-दलितों पर बढ़े अत्याचार

satish

आगराः जब से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है। तब से ब्राह्मण और दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण खुशी दुबे हैं। ब्राह्मण समाज की बेटी खुशी दुबे के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी और उसे भी बिकरू कांड के घटना में संलिप्त दिखाकर एक साल से बेवजह जेल में डाल रखा है। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने आरबीएस कॉलेज में ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों की सभा में यह बातें कहीं।

उन्होंने बीजेपी पर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगाते हुए बिकरू कांड के कुख्यात विकास दुबे के एनकाउंटर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिकरू कांड में आपने देखा था कि किस तरह न किसी कानून को देखा गया, न किसी अदालत की परवाह की गयी, गोली मारकर सीधा फैसला किया गया। इनका अत्याचार यहीं नहीं रुका इन्होंने बिकरू के आसपास के इलाकों के प्रतिष्ठित ब्राह्मणों को इस मामले में नामजद कर फंसाने का कार्य किया और जो ब्राह्मण समाज की बेटी खुशी दुबे के साथ हुआ, वह सब आपके सामने ही है, लेकिन आप ब्राह्मण समाज गया है और आने वाले समय में इसका जवाब बीजेपी को जरूर दे देगा।

यह भी पढ़ेंःनए लेखा महानियंत्रक के रूप में दीपक दास ने संभाला कार्यभार, जानें इनके बारें में

बसपा सरकार की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि 2007 से 2012 तक का समय ब्राह्मणों के लिए सबसे अच्छा था। मायावती ने सदैव ब्राह्मणों को आगे बढ़ाने का कार्य किया है, जिसका मैं खुद एक उदाहरण हूं। आप भगवान परशुराम के वंशज हैं। अगर एक हो गए तो इन अत्याचारियों को प्रदेश से उखाड़ फेंकोगे। इसलिए एक होकर बसपा के साथ आ जाइए।