भाजपा-सपा पर हमलावर हुए सतीश चंद्र मिश्र, बोले- 2022 में योगी सरकार का होगा सफाया, सपा को भी नकारेगी जनता

30

बाराबंकीः बहुजन समाज पार्टी ने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के तीसरे चरण का आगाज सोमवार को जनपद में किया। इस सम्मेलन में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने शिरकत की। उन्होंने भाजपा सरकार जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में ब्राह्मण समाज का सबसे ज्यादा उत्पीड़न हुआ। वर्ष 2022 में होने वाले चुनाव में ब्राह्मण भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि असली चेहरा सामने लाने की वजह से भाजपा सरकार बसपा से डर गई है।

बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16 प्रतिशत ब्राह्मण समाज के लोग 2007 की तरह ही 2022 में पूर्ण बहुमत के साथ मायावती को मुख्यमंत्री बनाएंगे। हम लोग 2007 की तरह सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की सरकार बनाने का काम करेंगे। हम लोग सर्वसमाज को साथ में लेकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा किसी भी पार्टी से कोई गठबंधन नहीं करेंगी, बल्कि उनका गठबंधन सीधे जनता के साथ रहेगा। सरकार ने जिस-जिस समाज के लोगों के साथ अन्याय किया है, हमारी सरकार बनने पर हम उन सभी को न्याय दिलाने का काम करेंगे। जांच कराकर सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें-अफगानिस्तान में व्यापक अराजकता के मद्देनजर काबुल हवाई अड्डे से सभी…

इस सम्मेलन में मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मण समाज का सबसे ज्यादा उत्पीड़न हुआ है। भाजपा ने पूर्व की सपा सरकार की नकल करते हुए ब्राह्मण और दलित समाज के लोगों को खास तौर पर निशाने पर लेते हुए प्रताड़ित करने का काम किया है। उनके मकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। फर्जी एनकाउंटर करके ब्राह्मण समाज के लोगों को मारा जा रहा है। योगी सरकार में ब्राह्मणों के 700 से ज्यादा एनकाउंटर किए गए हैं। कानपुर के बिकरू कांड के आरोपी को बांधकर गाड़ी पलटा कर मारा गया। इस सरकार में कानून का नहीं, बल्कि पुलिस का गुंडाराज चल रहा है। कहा कि, वर्ष 2007 में जब बसपा ने सत्ता संभाला था तो ब्राह्मण समाज के लोगों को बड़े मंत्रालय दिए थे। 15 एमएलसी और 35 को मंत्री बनाया था, जबकि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। जनता से उनका कोई लेना देना नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)