प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह बने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष, अनीता को दी शिकस्त

वाराणसीः भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद पर गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति बृजभूषण शरण सिंह के बेहद करीबी बनारस के संजय सिंह (Sanjay Singh) की एकतरफा जीत पर स्थानीय कुश्ती प्रेमियों ने खुशी जताई है। कुश्ती प्रेमी और संजय सिंह के करीबी पहलवान लगातार सोशल मीडिया के जरिए संजय सिंह को बधाई दे रहे हैं।

बृजभूषण शरण सिंह ने ही बनाया उम्मीदवार

चुनाव में कुल 47 वोटों में से संजय सिंह को 40 वोट मिले। कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली महिला पहलवान अनीता श्योराण को हरियाणा लॉबी से 07 वोट मिले। महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बीजेपी सांसद और कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ अनीता श्योराण भी गवाह हैं। बृजभूषण सिंह का विरोध कर रहे पहलवानों का उन्हें खुला समर्थन मिला था। गौरतलब है कि कुश्ती संघ के निर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह बृजभूषण शरण सिंह के दाहिने हाथ माने जाते हैं। चुनाव में संजय सिंह के नाम का प्रस्ताव खुद सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया और उन्हें अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया। गुरुवार को देशभर की 25 इकाइयों और 25 राज्यों में वोटिंग हुई। चुनाव से पहले भी बृजभूषण शरण सिंह अपने ही उम्मीदवार की जीत को एकतरफा बताते रहे।

खेती-किसानी से जुड़े हैं संजय सिंह

भारतीय कुश्ती महासंघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह वर्ष 2008 में वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। बनारस में महिलाओं को पहली बार कुश्ती के मैदान में लाने का श्रेय संजय सिंह को ही जाता है। संजय सिंह मूल रूप से चंदौली जिले के रहने वाले हैं और खेती-किसानी से जुड़े माने जाते हैं। यह भी पढ़ेंः-Lucknow: कुकरैल रिवर फ्रंट किनारे बुलडोजर एक्शन पर भारी बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज संजय सिंह राज्य कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव हैं। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से बीएड और एलएलबी की पढ़ाई करने वाले संजय सिंह की पहल पर साल 2017 में पहली बार बनारस में अंडर 17 कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)