संजय राऊत ने लगाया आरोप, कहा-दंगे से बिगड़ रही देश की आर्थिक व्यवस्था

0
33

मुंबईः शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दंगे से देश की आर्थिक व्यवस्था बिगड़ रही है, जिससे देश में श्रीलंका जैसी स्थिति उत्पन्न होने का खतरा है। संजय राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र में भी उपद्रव का प्रयास किया जा रहा है लेकिन महाराष्ट्र पुलिस दंगा करने वालों से कठोरता से निपटेगी।

संजय राऊत ने आरोप लगाया कि दिल्ली के दंगे भाजपा द्वारा प्रायोजित हैं। दिल्ली में नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं। दिल्ली केंद्रशासित राज्य है और यहां कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के अधीन है। इसी तरह मुंबई में भी नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। संजय राऊत का आरोप है कि भाजपा ने इन नगर निगम चुनावों में जीत हासिल करने के लिए दंगा करवाने की साजिश रची है। संजय राऊत ने कहा कि कोरोना की वजह से पिछले दो साल से लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया था।

ये भी पढ़ें..कश्मीरी लड़के ने अपनी रफ्तार से IPL में मचाई सनसनी, टीम…

देश की आर्थिक व्यवस्था बिगड़ गई थी। सभी राज्यों में निवेश रुक गया था, अब किसी तरह देश की आर्थिक गाड़ी पटरी पर आ रही है। लोग किसी तरह अपने काम पर जाने के लिए घर से निकलने लगे हैं, लेकिन दंगे से फिर से देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा नेता व पूर्व वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने संजय राऊत के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था किसी भी हालत में श्रीलंका जैसी नहीं हो सकती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)