पंजाब

Sangrur By Election: संगरूर में कम मतदान ने बिगाड़ा सभी दलों का गणित

sangru-voting-1-1

चंडीगढ़ः पंजाब के संगरूर लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार तो खूब किया लेकिन किसी ने भी मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित नहीं किया। लिहाजा यहां महज 45.30 प्रतिशत मतदान हुआ है। संगरूर लोकसभा क्षेत्र में इससे पहले कभी इतना कम मतदान नहीं हुआ है। इतना कम मतदान होने के कारण सभी राजनीतिक दलों का गणित बिगड़ गया है।

ये भी पढ़ें..नशे के आदी पति ने पत्नी और बच्चों पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया, एक की मौत

मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह, कांग्रेस के दलबीर सिंह गोल्डी, अकाली दल से कमलदीप कौर, भाजपा के केवल ढिल्लों तथा अकाली दल अमृतसर के सिरमनजीत सिंह मान के बीच मुकाबला है। इस सीट पर शाम छह बजे तक केवल 40 फीसदी मतदान हुआ।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस क्षेत्र के लोगों के धान की रोपाई में व्यस्त होने का हवाला देकर मतदान का समय एक घंटा बढ़ाने की मांग की गई थी लेकिन चुनाव आयोग ने इसे खारिज कर दिया। अब संगरूर लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव में रविवार को परिणाम का ऐलान किया जाएगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि परसों पता चल जाएगा कि संगरूर की जनता ने किसे चुना है। भगवंत मान ने कहा कि किसानों का धान की रोपाई में व्यस्त होने और अधिक गर्मी के कारण लोगों के बाहर न निकलने के कारण मतदान कम हुआ है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)