सम्राट चौधरी ने CM की समाधान यात्रा पर कसा तंज, कहा-नीतीश बन गए हैं तानाशाह

0
64

पटनाः बिहार विधान परिषद में विपक्ष के नेता सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नीतीश कुमार पर जोरदार सियासी हमला बोलते हुए कहा कि सिर्फ राज करने के लिए नीतीश कभी भाजपा के साथ तो कभी राजद के साथ हो जाते हैं। उन्होंने सीएम की समाधान यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि 17 साल राज करने के बाद अब वे किस चीज का समाधान करने निकले हैं। उन्होंने कहा कि देश यात्रा के लिए जेट विमान खरीद ही रहे हैं।

उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि मेरी सलाह है कि वे पड़ोसी देश पाकिस्तान, नेपाल, श्रीलंका की भी यात्रा कर लें, शायद उन्हें राजनीतिक रूप से मुक्ति मिल जाए। भाजपा कार्यालय में जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में कई जिले से आए लोगों की समस्या सुनने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी में छात्रों पर पुलिस लाठी चला रही है और इसकी सूचना पुलिस राज्य के गृह मंत्री और मुख्यमंत्री को नहीं दे रही तो यह गंभीर मामला है।

ये भी पढ़ें..डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर कसा तंज, बोले-वह खुद बेरोजगार,…

भाजपा नेता ने कहा कि नीतीश कुमार सही रूप से तानाशाह हो गए हैं, राजा की तरह राज करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि समाधान यात्रा पर भी वही लोग (चुनिंदा नेता और अधिकारी) दिख रहे हैं, जो पटना में दिखते थे। उन्होंने कहा कि उनको आखिर समाधान यात्रा के दौरान क्षेत्र की समस्या कौन बताएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश अब राजद को मूर्ख बनाने लगे है। राजद से वादा किया गया था कि 2023 में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद सौंप देंगे अब 2025 का चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ने की बात करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सिर्फ राज करना चाहते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)