खेल Featured

यूक्रेन पर हमला करके बुरी-तरह फंसा रूस, खेल जगत ने लगाए ढेरों प्रतिबंध, कुछ की मेजबानी भी छीनी

नई दिल्लीः यूक्रेन पर हमले के बाद कई इंटरनेशनल संस्थाओं ने रूस के ऊपर दबाव बनाना भी शुरू कर दिया है। जिसके बाद रूस को आर्थिक प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है। अब खेल जगत ने भी रूस से किनारा करना शुरू कर दिया है। कई बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी रूस से छिन गई है। साथ ही रूस की हिस्सेदारी पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। फीफा परिषद ने रूसी फुटबॉल टीम को 'रूस' के नाम से भाग लेने से रोक दिया है और अपने सभी मैचों से रूसी ध्वज और राष्ट्रगान पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। रूस के खिलाफ सभी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों का बहिष्कार करने में इंग्लैंड अन्य यूरोपीय देशों के साथ हो गया है।

ये भी पढ़ें..रूस के हमले के बीच भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, कहा-तत्काल कीव छोड़ दें नागरिक

अंतरराष्ट्रीय जूडो महासंघ ने व्लादिमीर पुतिन को महासंघ के मानद अध्यक्ष और राजदूत के रूप में निलंबित कर दिया है। महासंघ ने रूस के कजान में 20-22 मई को होने वाले ग्रैंड स्लैम कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने रूस और बेलारूस सरकार के ओलंपिक ट्रेक के उल्लंघन की कड़ी निंदा की है। समिति ने सभी अंतरराष्ट्रीय खेल संघों से रूस या बेलारूस में वर्तमान में नियोजित अपने खेल आयोजनों को स्थानांतरित करने या रद्द करने का आग्रह किया है।

इंग्लैंड, पोलैंड, स्वीडन और चेक गणराज्य सहित कई यूरोपीय फुटबॉल टीमों ने विश्व कप प्ले-ऑफ में रूस के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है। विश्व चैंपियन फ्रांस ने भी रूस को 2022 विश्व कप से बाहर करने का आह्वान किया है। फ्रांस फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष नोएल ले ग्रेट ने कहा कि यूक्रेन पर हमला करने के बाद रूस को 2022 विश्व कप से बाहर कर देना चाहिए। यूईएफए ने चैंपियंस लीग फाइनल को स्थानांतरित करने का फैसला किया है। इसका आयोजन रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में होना था। इसके अलाला फॉर्मूला वन ने 2022 के रूसी ग्रां प्री को रद्द कर दिया है।रेस 25 सितंबर से सोच्ची के ओलंपिक पार्क में शुरू होने वाली थी।

अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ ने इस साल के अंत में मास्को में होने वाले शतरंज ओलंपियाड और फीडे कांग्रेस को रद्द कर दिया है। अब महासंघ नया आयोजक खोज रहा है। यूरोपीय फुटबॉल क्लब भी रूसी कंपनियों से नाता तोड़ रहे हैं। चेल्सी के रूसी मालिक रोमन अब्रामोविच ने क्लब का नियंत्रण टीम के फाउंडेशन ट्रस्टियों को सौंप दिया है, अटकलों के बीच वह संभवतः यूक्रेन संकट पर प्रतिबंधों का सामना कर सकते हैं।

इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड ने रूसी एयरलाइन एअरोफ़्लोत के प्रायोजन अधिकारों को वापस ले लिया है। एयरलाइन को यूनाइटेड किंगडम के लिए उड़ान भरने से भी प्रतिबंधित कर दिया गया है और इसके विदेशी वाहक परमिट को निलंबित कर दिया गया है। इस सप्ताह के अंत और अगले महीने रूस में होने वाले पांच विश्व कप स्कीइंग आयोजनों को अंतरराष्ट्रीय स्की महासंघ ने रद्द कर दिया गया है। वर्ल्ड कर्लिंग फेडरेशन बोर्ड ने यूरोपीय कर्लिंग चैंपियनशिप की मेजबानी रूसी शहर पर्म से छीन ली है। यह प्रतियोगिता मई में होनी थी।

इसके अलावा यूरोपीय एक्वेटिक्स बोर्ड ने रूस में होने वाले महिला वाटर पोलो यूरो लीग क्वार्टर फाइनल खेल को स्थगित कर दिया है। तैराकी के लिए वैश्विक शासी निकाय, फिना ने पुरुषों के वाटर पोलो वर्ल्ड लीग मैच को भी रद्द कर दिया है। इसका आयोजन अगले महीने सेंट पीटर्सबर्ग में होना था। इसके अलावा अप्रैल में कजान में होने वाली कलात्मक तैराकी और डाइविंग वर्ल्ड सीरीज इवेंट को भी रद्द कर दिया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)