Uncategorized

सुरक्षा परिषद में भारत ने कहा, रूस-यूक्रेन विवाद का हल संवाद और कूटनीति से ही निकलेगा

TS Trimurti
TS Trimurti

संयुक्त राष्ट्र: यूक्रेन और रूस के बीच जारी संघर्ष के समाधान को लेकर शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि इस मामले को सुलझाने का कूटनीति और संवाद के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में कहा, हमें पूरी उम्मीद है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रही सीधी बातचीत से तनाव की स्थिति समाप्त हो जाएगी। कूटनीति और संवाद के अलावा इसका कोई दूसरा विकल्प नहीं है। गंभीर मानवीय स्थिति पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन से संबंधित बायोलाजिकल गतिविधियों की रिपोर्ट सामने आने के बाद बायोलाजिकल और टोक्सिन वेपन कन्वेंशन का पूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है। टीएस तिरुमूर्ति ने यूक्रेन पर यूएनएससी ब्रीफिंग के दौरान बायोलाजिकल कार्यक्रमों की रिपोर्ट पर कहा कि हम एक बार फिर से सदस्य देशों से संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धातों का पालन करने और देशों की संप्रभुता और अखंडता का सम्मान करने का आह्वान करते हैं।

बता दें कि रूस ने दावा किया था कि अमेरिका यूक्रेन के क्षेत्र में सैन्य जैविक गतिविधियां कर रहा है। रूस के इस दावे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित की गई जिसमें इस बात पर चर्चा हुई।

वहीं, रूस ने यूएनएससी में कहा, अमेरिका के प्रतिनिधियों ने यूक्रेन में सैन्य जैविक गतिविधियों के बारे में भ्रामक जानकारी प्रदान की हैं। अमेरिका के उप विदेश मंत्री विक्टोरिया नूलैंड ने मूल रूप से इस तथ्य की पुष्टि की थी कि यूक्रेनी प्रयोगशालाओं में खतरनाक अध्ययन किए जा रहे थे।