Featured दुनिया

Russia: पुतिन को चुनौती देने वाले प्रिगोझिन की विमान हादसे में मौत, बाइडेन बोले-आश्चर्यचकित नहीं..

Yevgeny-Prigozhin माॅस्कोः रूस की राजधानी मॉस्को से करीब 100 किलोमीटर दूर रूस के उत्तरी हिस्से में हुए विमान हादसे में दस लोग मारे गए, जिनमें रूस के खिलाफ विद्रोह करने वाले वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन भी शामिल थे। विमान दुर्घटना में वैगनर प्रमुख की मौत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि वह इस खबर से हैरान नहीं हैं। रूसी विमानन एजेंसी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान में वैगनर प्रमुख सवार थे और कोई जीवित नहीं बचा। हादसे में प्रिगोझिन की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मैं सच में नहीं जानता कि क्या हुआ लेकिन मैं इस खबर से बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बिना रूस में बहुत कुछ नहीं होता। वैगनर ग्रुप क्रेमलिन से जुड़े भाड़े के सैनिकों का एक संगठन है, जिसके प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने इस साल जून में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ विद्रोह में अपने सैनिकों के साथ मास्को पर चढ़ाई की थी। ये भी पढ़ें..BRICS समूह का हो सकता है विस्तार, इन देश के नेताओं... उन्होंने 24 जून को एक वीडियो संदेश जारी कर घोषणा की कि वह 25,000 सैनिकों के साथ मास्को की ओर मार्च कर रहे हैं और पुतिन को चुनौती देते हुए कहा कि रूस को 24 घंटे के भीतर नया राष्ट्रपति मिलने वाला है। हालाँकि, बेलारूस की मध्यस्थता के बाद प्रिगोझिन पीछे हट गए। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने प्रिगोझिन के विद्रोह को अक्षम्य विश्वासघात और देशद्रोह बताया। उन्होंने कहा कि वह प्रिगोझिन को कभी माफ नहीं करेंगे। वैगनर, प्रिगोझिन का निजी सैन्य बल, यूक्रेन के खिलाफ रूसी नियमित बलों के साथ लड़ा, लेकिन रूसी मिसाइल हमले में बड़ी संख्या में उसके लड़ाकों के मारे जाने के बाद प्रिगोझिन ने रूस के खिलाफ विद्रोह कर दिया। 1 जून 1961 को लेनिनग्राद (अब सेंट पीटर्सबर्ग) में जन्मे येवगेनी प्रिगोझिन निजी सैन्य कंपनी वैगनर ग्रुप के संस्थापक थे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)