युद्ध में पीछे हटने को तैयार नहीं रूस, यूक्रेन के अब तक 3000 सैनिकों ने गंवाईं जान

35

कीवः यूक्रेन पर रूस के हमले का आठवां सप्ताह चल रहा है। शनिवार को 52वें दिन में प्रवेश कर चुके युद्ध को लेकर दोनों देशों की ओर से पीछे हटने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। इस बीच अब तक के युद्ध में यूक्रेन के 2982 नागरिकों और 3000 से ज्यादा सैनिकों के जान गंवाने के आंकड़े सामने आए हैं। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध दिन प्रति दिन गंभीर रूप लेता जा रहा है। दोनों तरफ से आक्रामकता घटने का नाम नहीं ले रही है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन तो और ज्यादा आक्रामक नजर आ रहे हैं। रूस ने अमेरिका को भी यूक्रेन की सैन्य मदद को लेकर चेतावनी जारी कर दी है। रूस का हमला यूक्रेन में सैनिकों के साथ आम नागरिकों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से दावा किया गया है कि रूस के हमले में अब तक यूक्रेन के 2982 नागरिकों की मौत हो चुकी है। साथ ही 2651 लोगों के घायल होने की भी सूचना है। वैसे दावा किया गया कि वास्तविक आंकड़े इससे भी अधिक हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें..कांग्रेस चलाएगी पोल खोल अभियान, इस मुद्दे पर सरकार को घेरने…

नागरिकों के अलावा यूक्रेन के सैनिकों को भी युद्ध में खूब जान गंवानी पड़ रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने युद्ध में यूक्रेन के तीन हजार से अधिक सैनिकों की मौत का दावा किया है। जेलेंस्की के अनुसार अब तक के युद्ध में 10 हजार से ज्यादा सैनिक घायल भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि रूस की सेना यूक्रेन के कई शहरों में लगातार बमबारी कर रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)