वायुसेना अड्डे को तबाह करने पर भड़का रूस, अमेरिका पर लगाया गंभीर आरोप

29

मॉस्कोः यूक्रेन द्वारा रूस के अंदर घुस कर वायुसेना अड्डे को तबाह किए जाने सहित लगातार हमले किये जाने पर रूस की तीव्र प्रतिक्रिया सामने आई है। रूस ने अमेरिका पर यूक्रेन को भड़काने का आरोप लगाया है। अमेरिका ने सफाई देते हुए इन आरोपों से साफ इनकार किया है। यूक्रेन ने रूस के भीतर घुसकर हमला किया है। एक रूसी वायुसेना अड्डे की तबाही के बाद वहां से आग की लपटें उठने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। इसके बाद रूस ने इस हमले के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है।

रूस का कहना है कि अमेरिका न सिर्फ यूक्रेन को हमले के लिए भड़का रहा है, बल्कि यूक्रेन को सैन्य मदद भी भेज रहा है। रूस के इन आरोपों को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने खारिज कर दिया है। अमेरिका के ऊपर लग रहे आरोपों को बिल्कुल निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन को हमले के लिए नहीं उकसाया है। इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन द्वारा रूस पर किये जा रहे ड्रोन हमलों को देखते हुए रूसी सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई थी।

ये भी पढ़ें..संसद का शीतकालीन सत्र आज से, PM मोदी ने विपक्ष से…

इस बैठक में रूस की सुरक्षा में सेंध लगाने को लेकर हुई चर्चा के दौरान सैन्य अधिकारियों ने अमेरिका को इस हमले के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उनका तर्क था कि अमेरिका ने अब तक इस हमले की निंदा नहीं की। साथ ही इस बार यूक्रेन भी हमले को सीधे तौर पर स्वीकार करने से बच रहा है। रूस के कड़े तेवरों के बाद अमेरिका ने यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें देने से इनकार कर दिया है। अमेरिका को डर है कि इससे रूसी सेना के साथ अमेरिकी व नाटो सेनाओं का सीधा टकराव हो सकता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)