हिमाचल प्रदेश

रोहित ठाकुर बोले- ऑपरेशन लोटस फेल होने से बौखलाई बीजेपी

Rohit Thakur BJP upset failure of Operation Lotus

शिमला: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन लॉट्स की विफलता से भाजपा नेता पूरी तरह बौखला गए हैं। धनबल का प्रयोग कर राजनीतिक बाजार से विधायकों को खरीदा गया, लेकिन भाजपाइयों के मुख्यमंत्री और मंत्री बनने के मंसूबे धरे के धरे रह गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भाजपा नेताओं के लिए सबसे बड़े दुख का कारण हैं क्योंकि वर्तमान प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी दरवाजे बंद कर दिए हैं और उनकी लूट की दुकान बंद कर दी है।

सुक्खू प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री

रोहित ठाकुर ने सोमवार को कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं और एक साधारण परिवार से मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। इसीलिए वे आम आदमी के दर्द से भलीभांति परिचित हैं और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर क्रियान्वित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महज सवा साल के छोटे से कार्यकाल में राज्य सरकार ने अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना बनाई और अब उनकी देखभाल की जिम्मेदारी कानूनी तौर पर सरकार की है। इतना ही नहीं, हिमाचल प्रदेश दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने वाला देश का पहला राज्य बन गया।

अर्थव्यवस्था में हो रहा सुधार

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वृद्धा पेंशन और महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन समेत अपनी 10 चुनावी गारंटी में से पांच को पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि सवा साल के कार्यकाल का हिसाब मांगने वाले भाजपा नेताओं को अपने पांच साल का हिसाब जनता को देना चाहिए। भाजपा ने पांच साल तक केवल कर्ज के सहारे सरकार चलाई और आर्थिक संसाधन जुटाने पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे हिमाचल प्रदेश आर्थिक रूप से बदहाल हो गया।

यह भी पढ़ेंः-दिलीप पांडे ने AAP के कैंपेन सॉन्ग पर बैन लगाने पर चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही आर्थिक संसाधन जुटाने की दिशा में अनेक कदम उठाये, जिसके परिणामस्वरूप मात्र एक वर्ष में हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत का सुधार हुआ है तथा 2200 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)