प्रदेश हरियाणा

बूथों के सशक्तिकरण के लिए विशेष अभियान चलाएगी भाजपा

भाजपा

हिसार: हिसार के विधायक एवं शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा है कि पार्टी संगठन की केंद्रीय योजना अनुसार बूथों के सशक्तिकरण के लिए एक विस्तृत योजना की शुरुआत की गई है। इसके लिए पन्ना स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारी सौंपी गई है। डॉ. कमल गुप्ता शुक्रवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में भाजपा हिसार विधानसभा क्षेत्र के शहरी मंडल के एक भाग के शक्ति केंद्र प्रमुखों, बूथ अध्यक्ष, पालकों की एक बैठक ले रहे थे।

मंत्री ने कहा कि हर विधान सभा क्षेत्र में कमजोर बूथों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता बूथों में जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें पार्टी की जनहितकारी नीतियों व जनकल्याण कारी योजनाओं से अवगत करा कर उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने का काम करेंगे। डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि सभी कार्यकर्ता कुशल व अनुभवी हैं, सभी का कर्तव्य है कि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए जी जान से जुट जाएं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि हिसार विधानसभा के सभी बूथों की बैठक कर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जाएगा।

हर घर तिरंगा अभियान बारे निकाय मंत्री ने कहा कि 13, 14 व 15 अगस्त को आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं की इस अभियान में प्रमुख भूमिका होगी। कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं को बताया कि प्रदेश सरकार ने नगर दर्शन नाम से एक विशेष पोर्टल विकसित किया है जिसमें शहरी नागरिक अपने क्षेत्र की समस्याओं को पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। किसी भी नागरिक को अब अपने क्षेत्र की किसी भी तरह की समस्या के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर काटने की आवश्यकता नही होगी। आपके सांसद, विधायक या आपके वार्ड के पार्षद की अनुशंसा पर समस्या का निराकरण घर बैठे हो जाएगा। कोई भी नागरिक पूरे प्रदेश में अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर पोर्टल खोल कर इसका उपयोग कर सकता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)