प्रदेश देश Featured दिल्ली

Republic Day 2023: मन में उमंग, हाथों में तिरंगा, कर्तव्य पथ पर पहली गणतंत्र दिवस की परेड देखने के लिए उमड़ी भीड़

republic-day-2023

नई दिल्लीः पूरा हिन्दुस्तान आज 26 जनवरी को अपना 74वां गणतंत्र दिवस (republic day 2023) मना रहा है। राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह इस बार कई मायनों में अलग है। पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड कर्तव्य पथ से गुजरेगी। पहले इसे राजपथ के नाम से जाना जाता था। वहीं कर्तव्य पथ पर पहली गणतंत्र दिवस की परेड देखने के लिए लोगों का जनसमूह उमड़ पड़ा है। लोगों के मन में उमंग है। हर आदमी 74वें गणतंत्र दिवस समारोह की परेड देखने को व्याकुल है।

ये भी पढ़ें..Republic Day 2023: वीरता पुरस्कारों का ऐलान, तीनों सेनाओं के इन वीर जवानों को मिला शौर्य चक्र

कर्तव्य पथ के आसपास लोग तिरंगा लेकर पहुंचे हैं। पुलिस जारी किए गए पास, टिकट और अन्य दस्तावेज देखकर उन्हें प्रवेश करा रही है। जो लोग बिना दस्तावेज के पहुंचे हैं, उन्हें वापस किया जा रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। 74वां गणतंत्र दिवस (republic day 2023) समारोह देश के सैन्य कौशल और सांस्कृतिक विविधता का गवाह बनेगा। गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ से 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में देश का नेतृत्व करेंगी। समारोह में देश की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का अनूठा मिश्रण होगा। इसमें देश की बढ़ती स्वदेशी क्षमता, नारी शक्ति और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से आकार ले रहे 'न्यू इंडिया' के उद्भव की झांकी होगी।

74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी मुख्य अतिथि है। परेड समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाने के साथ होगी। प्रधानमंत्री मोदी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति परेड देखने के लिए कर्तव्य पथ पर सलामी मंच पर पहुंचेंगे। परंपरा के अनुसार, गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उसके बाद 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्रगान होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)