जयपुरः महंगाई हटाओ महारैली में केंद्र सरकार पर जमकर बरसे पूर्व सीएम कमलनाथ

31

भोपालः जयपुर में रविवार को कांग्रेस की महंगाई हटाओ महारैली में शामिल हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने रैली में शामिल होने की खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज देश के हर कोने से कांग्रेसजन इस रैली में आये हैं। आपने यहां आकर कांग्रेस का मान-सम्मान बढ़ाया है और कांग्रेस को बल शक्ति दी है। रैली को संबोधित करते हुए कमलनाथ केन्द्र सरकार पर जमकर बरसें। उन्होंने कहा कि आज हमारी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। हमें देखना पड़ेगा कि हम कौन से रास्ते पर चलना चाहते हैं। देश की संस्कृति के रास्ते पर चलना चाहते हैं या मोदी की संस्कृति के रास्ते पर? आज सबसे बड़ी चुनौती यही हमारे सामने है। देश की यही तस्वीर आज आपके सामने है।

ये भी पढ़ें..नौ दिन बाद गंगा नदी में उतराता मिला डाॅक्टर का शव, पत्नी-बच्चों की हत्या के बाद से थे फरार

महंगाई के खिलाफ हल्लाबोलते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि आज हमारा बेरोजगार नौजवान, भटकता नौजवान, जो हमारे देश के भविष्य का नवनिर्माण करेगा, आज भटक रहा है। आज इसका भविष्य अंधेरे में है। आज के नौजवान और 20 साल पहले के नौजवान में बड़ा अंतर है। आज के नौजवान में एक तडफ़ है। वह चाहता है कि उसे रोजगार का मौका मिले। उन्होंने कहा कि आज किसानों की स्थिति सभी के सामने है। आज वो परेशान है।हमारे देश की अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है। यह हमें कभी नहीं भूलना चाहिए कि किसानों की क्रय शक्ति बढ़ेगी, तभी देश की अर्थव्यवस्था बढ़ेगी। आज कृषि क्षेत्र का क्या हाल है, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे है,छोटे व्यापारियों की आज क्या स्थिति है?

कोरोना से प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा मौतें

कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि आज नौजवान बिना काम का, किसान बिना दाम का, छोटा व्यापारी बिना व्यापार का तो फिर मोदी जी आप किस काम के? पिछले 7 साल में मोदी जी ने कितनी लंबी चौड़ी बात की। कोरोना को लेकर यह लोग कितने बड़े-बड़े दावे किया करते थे। मैं मुक्तिधाम-कब्रिस्तान के आंकड़े बता रहा हूं। किस प्रकार इन्होंने आँकड़े दबाने-छुपाने का काम किया।हमारे देश में कोरोना से कितने लोगों की मौते हुई। हमारे मध्य प्रदेश में ही ढाई लाख लोगों की मौत हुई और सरकार सिर्फ़ 10 हज़ार की मौत बता रही है। यह दबाने-छुपाने की राजनीति को हमें पहचाना होगा।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने बहुत संघर्ष किया हैं, हमने बहुत कऱीब से देखा है। कांग्रेस ने तो आजादी का संघर्ष भी देखा है और हमने देश के लिए लड़ाई लड़ी है। आप लोगों ने कांग्रेस का झंडा लेकर कांग्रेस को हमेशा मजबूती दी है। आज हम सोनिया जी के नेतृत्व में खड़े है, हमने राजीव जी के नेतृत्व में भी लड़ाई लड़ी है। यहाँ उपस्थित आप सभी ने अगर ठान लिया तो कोई नही रोक सकता है कांग्रेस को 2024 में, देश की लोकसभा में वापस कांग्रेस का झंडा लहरायेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)