देश Featured

Weather: Himachal में धूप खिलने से ठंड से मिली राहत, इस दिन से फिर बदलेगा मौसम

शिमला (Himachal Weather): हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में औसत न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री बढ़ गया है। शिमला और मनाली समेत एक दर्जन से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों में राज्य में तापमान में कोई खास गिरावट नहीं होगी। 17 से 20 फरवरी तक राज्य में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे शीतलहर फिर तेज हो जाएगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। इसी तरह मनाली का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा और यह सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। ये भी पढ़ें..Himachal: सुक्खू सरकार पर जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बोले- झूठ बोलने का बनाया रिकाॅर्ड

लाहौल-स्पीति में शीतलहर जारी

नाहन, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, चंबा, भुंतर, कल्पा, ऊना का तापमान भी सामान्य से ऊपर है। नाहन में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, कांगड़ा में 7.6 डिग्री, मंडी में 6.2 डिग्री, बिलासपुर में 8.6 डिग्री, चंबा में 7.1 डिग्री, भुंतर में 5.6 डिग्री, कल्पा में शून्य डिग्री और ऊना में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शीतलहर जारी है। इस जिले में पिछले दो महीने से पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। लाहौल-स्पीति जिले का कुकुमसेरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा समधो में न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

तीन दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि प्रदेश में 14, 15 और 16 फरवरी को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। 17 से 20 फरवरी तक मौसम में बदलाव आएगा। 18 और 19 फरवरी को मैदानी और मध्य इलाकों में गरज के साथ बारिश और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)