Ranchi: भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने की बैठक

48

रांची (Ranchi): राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा को झारखंड में भारी सफलता दिलाने के लिए मंगलवार को कांग्रेस भवन में कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में कार्यक्रम की सफलता के लिए आम कांग्रेसियों की भागीदारी और आपसी समन्वय पर सबसे अधिक जोर दिया गया।

बैठक में ठाकुर ने कहा कि देश अराजकता के दौर से गुजर रहा है और इस अराजकता को दूर करने के लिए राहुल गांधी ने युवा न्याय, महिला न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय और सहभागी न्याय के लिए भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है। इस दौर में देश से नफरत के माहौल को खत्म करने के लिए हम सभी को राहुल गांधी के संघर्ष में आम जनता को भागीदार बनाकर कदम से कदम मिलाकर लड़ना होगा।

ये भी पढ़ें..Korba: टीबी मरीजों को डीएम ने बांटे फूड बास्केट, स्वास्थ्य की ली जानकारी

उन्होंने कहा कि हमें झारखंड में न्याय यात्रा को सफल बनाकर पूरे देश के लिए एक मिसाल कायम करनी है। केंद्र सरकार के माध्यम से झारखंड की बहुमत वाली गठबंधन सरकार को हटाने की कोशिश लगातार की जा रही है, लेकिन झारखंड में न्याय यात्रा की सफलता भाजपा के चेहरे पर एक बड़ा तमाचा साबित होगी। बैठक में मुख्य रूप से जयशंकर पाठक, राजीव रंजन प्रसाद, संजय लाल पासवान, राकेश सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो, संजय पांडे, मानस सिन्हा, रवींद्र सिंह व अन्य उपस्थित थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)