Ranchi: मजदूरों की सुरक्षित वापसी पर सीएम की नजर, अधिकारी ले रहे स्थिति का जायजा

0
14

रांची (Ranchi): उत्तराखंड के उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सुरंग में फंसे सभी 41 मजदूर सुरक्षित बाहर आ गये हैं। इन मजदूरों में 15 झारखंड के हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद झारखंड के इन 15 श्रमिकों की देखभाल और उनकी सुरक्षित झारखंड वापसी के लिए अधिकारियों की एक टीम लगातार उत्तराखंड की स्थिति का जायजा ले रही है। फिलहाल श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण सिल्कयारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया है।

राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी 15 श्रमिकों के परिजनों को फोन कर उनकी कुशलक्षेम की जानकारी दी गयी है। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष झारखंड के श्रमिकों के परिवारों से लगातार संपर्क में है। फिलहाल श्रम विभाग के प्रतिनिधियों ने सिल्कयारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी 15 श्रमिकों से मुलाकात की है। मजदूरों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जहां उनकी गहन जांच की जाएगी। डॉक्टर द्वारा फिट घोषित किये जाने के बाद झारखंड सरकार द्वारा सभी मजदूरों को एयरलिफ्ट कर झारखंड लाया जायेगा।

ये भी पढ़ें..कल Ranchi आएंगे अमित शाह, BSF के 59वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

गौरतलब है कि 12 नवंबर को सिल्कयारा सुरंग का एक हिस्सा धंस गया था। इसकी वजह से 41 मजदूर फंस गए थे। नवयुग इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड की देखरेख में न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड (NATM) का उपयोग करके यमुनोत्री राजमार्ग पर इस सुरंग का निर्माण कर रही थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)