देश Featured दिल्ली टॉप न्यूज़

Ram Navami 2023: देश भर में रामनवमी की धूम, दिल्ली में जगह-जगह निकाली जाएगी शोभायात्रा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

ram-navami-2023 नई दिल्लीः देश भर में रामनवमी धूम है। रामनवमी पर भगवान राम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आज दिल्ली में जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जाएगी। भगवान श्रीराम की झांकी के साथ शोभायात्रा में हजारों लोग शामिल होते हैं। दिल्ली पुलिस ने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शोभायात्राएं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो जाएं, इसके लिए लोकल इंटेलिजेंस से मिली रिपोर्ट के आधार पर पुलिस टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि विहिप की ओर से राजधानी में गुरुवार को बड़ी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। हजारों लोग शामिल होंगे। इसके अलावा इस्कॉन मंदिर, कालकाजी मंदिर पुजारी परिवारों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से भी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं, पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके में रामनवमी शोभा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी है। ये भी पढ़ें..Twitter की बड़ी कार्रवाई, भारत में पाकिस्तान सरकार का ट्विटर अकाउंट किया ब्लॉक यहां पिछले साल हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान हिंसा हुई थी। दिल्ली पुलिस ने मौर्या एन्क्लेव इलाके में खुले मैदान में रमजान के कार्यक्रम की भी इजाजत नहीं दी है। रामनवमी के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभायात्राओं के कारण सड़कों पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने भी तैयारी पूरी की है। उधर राजस्थान के भरतपुर जिले में आज रामनवमी पर भगवान राम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। राम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा में शामिल होने के लिए हिन्दू संगठन कई दिन से गांव-गांव जाकर चावल देकर शोभायात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया था। इसके अलावा भरतपुर शहर में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी अलग-अलग टोलियां बनाकर शहर में घूम रहे हैं। ये सभी लोग राम भजन के साथ कल शोभायात्रा में आने का निमंत्रण दे रहे हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)