Ram Mandir Inauguration: सड़कों पर छाया सन्नाटा, मंदिरों और घरों में गूंज रही रामधुन

15

Ram Mandir Inauguration: पूरा प्रदेश रामधुन में रम गया है। मंदिरों में रामधुन चल रही है तो वहीं सड़कों पर सन्नाटा है। लखनऊ में हजरतगंज के अटल चौराहा पर भी भीड़ नहीं दिखी। वहीं उसके बगल में बने मंदिर में लोग सुबह से ही रामधुन में रमे हुए नजर आये। घरों में भी लोग दीपक सजाकर रखे हैं। पूजा पाठ की प्रक्रिया चल रही है।

दुकानों और घरों के ऊपर झंडा लहरा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि पूरा प्रदेश रामधुन में रमा हुआ है। घर हो या बाहर हर जगह सिर्फ राम की चर्चा हो रही है। सड़कों पर भी सुबह से ही भक्ति में भंडारे की तैयारी चल रही है। वहीं रामधुन पर भक्त जगह-जगह थिरकते हुए भी नजर आ रहे हैं।

आज का दिन दीपावली से ज्यादा यादगार

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश छबलानी का कहना है आज का दिन दीपावली से ज्यादा यादगार बनाने का है। पांच सौ वर्षों बाद प्रभु श्रीराम को अपना आवास मिल रहा है। इससे ज्यादा खुशी क्या हो सकती है। इस कारण व्यापार मंडल ने पूरे प्रदेश में प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा है। सुबह से ही लोग खुशी मना रहे हैं।

Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या में बढ़ती जा रही बेसब्री, सबकी निगाहें घड़ी की सुइयों पर

इससे बड़ा उत्सव का दिन सनातन धर्म के लिए नहीं आ सकता

वहीं पांडेयगंज के मंदिर में सुंदरकांड का पाठ सुबह से ही शुरू हो गया, जहां पूर्व मंत्री स्वाती सिंह ने भी सुंदरकांड पाठ किया। स्वाती सिंह ने कहा कि इससे बड़ा उत्सव का दिन सनातन धर्म के लिए नहीं आ सकता। यह रामभक्ति में लीन होने का दिन है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल वरिष्ठ अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, रजनीश गुप्ता आदि उपस्थित थे।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:05 बजे से 12:55 बजे तक यानी करीब 50 मिनट तक प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह पूजा स्थल से निकलकर दोपहर करीब 1 बजे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वह दोपहर 2 बजे तक यहीं रहेंगे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पीएम मोदी दोपहर करीब 2:10 बजे कुबेल टीला पहुंचेंगे और दर्शन करेंगे। इसके बाद वो 2 बजकर 25 मिनट पर हेलीपैड के लिए रवाना हो जाएंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)