Featured राजस्थान राजनीति

Rajasthan: गहलोत सरकार के खिलाफ भाजपा की जन आक्रोश रथयात्रा, जेपी नड्डा करेंगे शुभारंभ

नई दिल्लीः राजस्थान की कांग्रेस सरकार में अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट की लड़ाई के बीच भाजपा एक बड़े अभियान की शुरूआत करने जा रही है। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ गुरुवार को भाजपा प्रदेश में जन आक्रोश रथयात्रा निकालने जा रही है। गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जयपुर में हरी झंडी दिखाकर इस रथ यात्रा को रवाना करेंगे। नड्डा इस दौरान जयपुर के दशहरा मैदान में इस जन आक्रोश यात्रा को संबोधित भी करेंगे।

ये भी पढ़ें..पंजाब की कैटरीना कैफ Shehnaaz और Vicky Kaushal की हाॅट केमिस्ट्री देख फैंस हुए एक्साइटेड

आपको बता दें कि, राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को हर मोर्चे पर एक असफल करार देते हुए भाजपा ने इसके कुशासन, भ्रष्टाचार और जंगल-राज के खिलाफ जन आक्रोश रथ यात्रा निकालने का फैसला किया है। गुरुवार, 1 दिसम्बर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जयपुर से इसकी शुरूआत करेंगे और शुक्रवार, 2 दिसम्बर को भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों समेत राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कई दिग्गज नेता एवं सांसद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अशोक गहलोत के खिलाफ निकाले जानी वाली रथ यात्रा में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल - बीकानेर, गजेंद्र सिंह शेखावत - जोधपुर, अरुण सिंह - अलवर, अशोक परनामी - सीकर, स्वामी सुमेधानंद सरस्वती - झुंझुनू, घनश्याम तिवारी - भरतपुर, विजया राहटकर - अजमेर, सतीश पुनिया - पाली और गुलाबचंद कटारिया - उदयपुर में शुक्रवार को होने वाले जन आक्रोश जिला रथ यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल होंगे।

पार्टी ने शुक्रवार के कार्यक्रम के लिए अपने 31 बड़े नेताओं को अलग-अलग जिलों में तैनात किया है। राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधान सभा चुनाव के मद्देनजर इस अभियान को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)