हिमाचल में बारिश का तांडव, मूसलाधार वर्षा से बहा मंदिर, पांच हाईवे बंद, लोग अस्त-व्यस्त

50
himachal-torrential-rain-closes-five-highways

Himachal, शिमलाः हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। बाढ़ और भूस्खलन से कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जनजातीय जिला किन्नौर की पूह तहसील में अचानक आई बाढ़ से भारी भूस्खलन हुआ है। पूह से रोरिक तक नेशनल हाईवे के कई किलोमीटर हिस्से में भारी भूस्खलन हुआ है। इससे हाईवे पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। माना जा रहा है कि बादल फटने के बाद यहां अचानक बाढ़ आई है। हालांकि अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रशासन ने जारी की चेतावनी

दूसरी ओर, सिरमौर जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश से गिरि, यमुना और मारकंडा नदियों ने रौद्र रूप धारण कर लिया है और प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है। सिरमौर जिले के मुख्यालय नाहन की बांकलां पंचायत में उफान पर आई नारकंडा नदी कहर बरपा रही है। रविवार सुबह बाढ़ ने बांकलां में नदी किनारे बने मंदिर को बहा दिया। देखते ही देखते मंदिर पानी में डूब गया। नाहन क्षेत्र की सलानी कटोला पंचायत में नदी का जलस्तर सलानी पुल तक पहुंच गया है और पुल खतरे की जद में आ गया है। बाढ़ के कारण कई बीघा क्षेत्र में फसलें बह गई हैं।

बागवानों को भारी नुकसान

ऊना जिले में देर रात से हो रही भारी बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऊना में कई घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बारिश का पानी घुस गया है। राजधानी शिमला में बीती रात से बारिश जारी है। जिले के चौपाल उपमंडल की ग्राम पंचायत पौड़ियां के तारापुर गांव में ढांग नाले में आई बाढ़ में कई बागवानों को सेब के पौधे और सेब की पेटियां मलबे में दबने से भारी नुकसान हुआ है।

अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे यानी सोमवार तक 10 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों के लिए जारी किया गया है। इसके साथ ही अगले 24 घंटों में छह जिलों चंबा, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में 16 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात नाहन में सबसे अधिक 196 मिमी बारिश हुई।

यह भी पढ़ेंः-CM धामी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई निरीक्षण, राहत बचाव कार्यों का लिया जायजा

ऊना में 135 मिमी, धौला कुआं में 117 मिमी, पांवटा साहिब में 110 मिमी, कांगड़ा में 85 मिमी, पालमपुर में 82 मिमी और बिलासपुर में 52 मिमी बारिश दर्ज की गई। भूस्खलन से पांच एनएच और 288 सड़कें अवरुद्ध प्रदेश में व्यापक बारिश के कारण कई सड़कें अवरुद्ध होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार रविवार सुबह तक भूस्खलन के कारण प्रदेश भर में पांच राष्ट्रीय राजमार्ग और 288 सड़कें अवरुद्ध हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)