प्रदेश Featured महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कुर्ला-स्टेशन से मुंबई सीएसएमटी स्टेशन तक रेल सेवा बंद

rain1

मुंबईः मुंबई सहित सूबे में मंगलवार देर रात से हो रही तेज बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्र हो गए हैं। मध्य रेलवे में कई जगह रेलवे पटरी डूब गई है, इससे कुर्ला-स्टेशन से मुंबई सीएसएमटी स्टेशन तक रेल सेवा बंद कर दी गई है। सड़कों पर हुए जलभराव की वजह से वाहन चालकों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर भारी जाम लगा हुआ है। मुंबई नगर निगम ने लोगों को अत्यावश्यक काम रहने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। मंगलवार मध्यरात्रि से शुरू मूसलाधार बारिश बुधवार को भी उसी रफ्तार से जारी है। इससे मुंबई शहर में किंगसर्कल, परेल, लालबाग, मिलन सबवे, विद्याविहार, सायन सर्कल दहिसर,चकाला आदि इलाकों में जलभराव हो गया है। चेंबूर में पीएल लोखंडे मार्ग पर जलभराव हो गया है। यहां सोसाइटी व झोपड़पट्टी इलाकों में पानी भर गया है। इससे लोगों को भारी असुविधा हो रही है।

बारिश की वजह से शहर की कई सड़कें तालाब बन गई हैं, इससे कई वाहन रास्ते पर बंद हो गए और ट्रैफिक जाम बढ़ गया है। मुंबई के पूर्व उपनगर, पश्चिमी उपनगर के कई इलाकों में जलभराव की वजह से नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। सायन, किंगसर्कल इलाके में बारिश के पानी से रेल की पटरी डूब गई है। इसे देखते हुए मध्य रेलवे ने कुर्ला से मुंबई सीएसएमटी तक रेल सेवा आगामी आदेश तक बंद कर दिया है। पश्चिम रेलवे व हार्बर रेलवे की सेवा धीमी गति से चल रही है। इससे अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों को काम पर जाने मे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ेंःअमेरिकी अभिनेत्री शर्ली टेम्पल को श्रद्धांजलि देने को गूगल ने बनाया खास डूडल

बारिश का असर मुंबई से सटे ठाणे, नई मुंबई, पालघर जिले में भी देखने को मिल रहा है। यहां भी निचले इलाकों में जलभराव की वजह से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसी वजह से राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन टीम ने मुंबई सहित राज्य में 9 जून से 12 जून तक प्रशासन को एलर्ट रहने की चेतावनी दी है। बारिश से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क हैं और लोगों को घर में रहने के लिए कहा गया है।