कुड़मी समाज के आंदोलन से रेल सेवा प्रभावित, ट्रेनों के इंतजार में बैठे रहे यात्री

0
16

रांची: कुड़मी जाति (kudmi samaj) को आदिवासी (एसटी) का दर्जा देने की मांग को लेकर झारखंड और ओडिशा में चार जगहों पर हजारों लोग रेल पटरियों पर धरना देकर बैठ गए हैं। इस कारण झारखंड और ओडिशा में कई रूटों पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। रांची, टाटानगर, ओडिशा के मयूरभंज सहित कई स्टेशनों से होकर गुजरने वाली ट्रेनें जहां-तहां रुक गई हैं। रेलवे ने रांची रेल मंडल से खुलने वाली तीन एक्सप्रेस ट्रेन आज रद्द कर दी है।

मनोहरपुर रेलवे स्टेशन से पांच किलोमीटर पहले घाघरा हाल्ट पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। झारखंड के ही सरायकेला-खरसावां जिला स्थित नीमडीह में आंदोलनकारी स्टेशन परिसर के पास डटे हैं। यहां रेल व अनुमंडल प्रशासन से वार्ता चल रही है। रेलवे ने हटिया से गोरखपुर के लिए खुलने वाली ट्रेन संख्या 15027 हटिया – गोरखपुर एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 13403 रांची – भागलपुर एक्सप्रेस ट्रेन और ट्रेन संख्या 15661 रांची – कामाख्या एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है।

यह भी पढ़ें-झारखंड में मीडिया से अब संवाद नहीं करेंगे थाना प्रभारी, गाइडलाइन जारी

रांची रेलवे स्‍टेशन में बढ़ रही यात्रियों की भीड़

कुड़मी आंदोलनकारी (kudmi samaj) अगर रेल लाइनों पर जमे रहे तो शाम तक कई और ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो सकता है। रांची रेलवे स्‍टेशन में यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। सभी अपने गंतव्‍य तक पहुंचने के लिए स्‍टेशन पहुंच रहे हैं, लेकिन स्‍टेशन पर उन्‍हें उनकी ट्रेन नहीं मिल रही है। रांची रेलवे स्‍टेशन जैसा ही हाल टाटानगर स्‍टेशन का भी है। लोग ट्रेन के इंतजार में बैठे हैं। समय पर गाड़ी नहीं मिलने से बेहद परेशान हो रहे हैं। इस दौरान स्‍टेशन पर सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। डॉग स्‍क्‍वॉयड की भी तैनाती की गई है।

ओडिशा में भी रोकी ट्रेनें 

ओडिशा के मयूरभंज में भंजूपुर में कुड़मी समाज के लोगों ने बांगरीपोशी- मयूरभंज व शालीमार-पुरी एक्सप्रेस को भी रोका दिया है। यहां सड़क जाम भी किया गया है। झारखंड के अग्रणी कुड़मी संगठन टोटेमिक कुड़मी विकास मोर्चा (टीकेवीएम) के अध्यक्ष शीतल ओहदार ने दावा किया कि झारखंड में मुरी, गोमो, नीमडीह और घाघरा स्टेशन तथा ओडिशा में हरिचंदनपुर, जराइकेला एवं धनपुर स्टेशन पर अनिश्चितकाल के लिए रेल पटरियों को अवरुद्ध किया जाएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)