वीके सिंह के बयान पर भड़के राहुल, बोले- उन्हें बर्खास्त नहीं किया गया तो ये सेना का होगा अपमान

0
55

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत-चीन के बीच जारी गतिरोध के बीच घुसपैठ को लेकर केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि केंद्रीय मंत्री ने विवादित बयान देकर चीन को भारत पर हमला करने का मौका प्रदान किया है। उन्होंने सरकार से जनरल वीके सिंह को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो यह भारतीय सेना का अपमान होगा।

दरअसल, पूर्व सेना प्रमुख एवं केंद्रीय परिवहन राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने मदुरै में एक बयान में कहा था कि भारत ने चीन की तुलना में ज्यादा बार एलएसी का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा था कि आप लोग जानते नहीं है कि हमने कितनी बार अतिक्रमण किया है। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि अगर चीन ने 10 बार अतिक्रमण किया है, तो हमने कम से कम 50 बार किया होगा।” उनके इस बयान पर ही कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है।

राहुल गांधी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘भाजपा के एक मंत्री चीन को भारत के खिलाफ मामला बनाने में मदद क्यों कर रहे हैं? उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए।’ उन्होंने यह भी कहा कि अगर जनरल सिंह को बर्खास्त नहीं किया जाता है तो यह हर भारतीय जवान का अपमान होगा।

यह भी पढ़ेंः-भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने इन पदों पर निकाली हैं भर्तियां, ऐसे करें अप्लाई

अपने ट्वीट के साथ राहुल ने वीके सिंह के बयान और चीन की प्रतिक्रिया से जुड़ी एक खबर को साझा किया। जिसमें चीन ने केंद्रीय मंत्री जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह के एक बयान को आधार बनाते हुए भारत पर निशाना साधा है। चीन का कहना है कि भारत बार-बार एलएसी का उल्लंघन कर रहा है और इससे सीमा पर टकराव की स्थिति पैदा हो रही है। उधर, चीन के विदेश मंत्री के प्रवक्ता वांग वेन्बिन ने वीके सिंह के बयान को भारत की ओर ‘अनजाने में स्वीकार’ कर लेने वाले बताया है।