महाराष्ट्र राजनीति

Rahul Narwekar बने विधानसभा अध्यक्ष, शिंदे-फडणवीस ने जीती विधानसभा की परीक्षा

मुंबई: महाराष्ट्र की शिंदे-फडणवीस सरकार अपनी पहली परीक्षा में रविवार को पास हो गई। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर (Rahul Narwekar) विजयी घोषित किए गए हैं। उन्होंने महा विकास आघाड़ी के राजन सालवी को 57 मतों से हराया। नार्वेकर को 164 मत मिले। राज्य विधानसभा की प्रभावी संख्या 287 है।

ये भी पढ़ें..एकनाथ शिंदे की अग्निपरीक्षा आज, कानूनी पचड़ों में फंस सकता है...

विधानसभा का विशेष सत्र उपाध्यक्ष नरहरि झिरवल की अध्यक्षता में पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुआ। भाजपा सदस्य चंद्रकांत पाटिल ने राहुल नार्वेकर (Rahul Narwekar) के नाम का प्रस्ताव किया। इसका अनुमोदन पूर्व मंत्री गिरीश महाजन ने किया। इसके बाद कांग्रेस के चेतन तुपे ने राजन साल्वी के नाम का प्रस्ताव किया और इसका अनुमोदन संग्राम थोपटे ने किया। इसके बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान में तीन सदस्य तटस्थ रहे। मतों की गिनती के बाद झिरवल ने नार्वेकर के विजयी होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नार्वेकर को बधाई दी है।

2019 में भाजपा में शामिल हुए थे नार्वेकर -

विधानसभा अध्यक्ष बने राहुल नार्वेकर (Rahul Narwekar) पेशे से वकील हैं। 45 वर्षीय नार्वेकर शिवसेना से 15 साल तक जुड़े रहे। 2014 में राज्य विधान परिषद का चुनाव लड़ना चाहत थे, लेकिन शिवसेना ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पाटी से जुड़ गए और लोकसभा चुनाव लड़ा। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2019 में वे बीजेपी में शामिल हो गए और कोलाबा के विधायक बने।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)