Bharat Jodo Nyay Yatra: छत्तीसगढ़ पहुंची न्याय यात्रा, 536 किमी की पदयात्रा करेंगे राहुल गांधी

93

Bharat Jodo Nyay Yatra: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर गई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को छत्तीसगढ़ की सीमा में रेंगारपाली चेक पोस्ट पर ओडिशा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने ध्वज प्रदान किया।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा 9 और 10 फरवरी को दो दिवसीय अवकाश के बाद 11 फरवरी को रायगढ़ जिले के दर्रामुंडा से महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल के लिए रवाना होगी। रात्रि विश्राम राजकीय प्यारेलाल महाविद्यालय, भैसमा के पास होगा। 12 फरवरी को पदयात्रा कोरबा जिले के सीतामढी चौक कोरबा से प्रारंभ होगी। रात्रि विश्राम शिवनगर थाना तारा के पास जिला सूरजपुर में होगा। 13 फरवरी को पदयात्रा सरगुजा जिले के रायगढ़ बस स्टैंड चौक (उदयपुर) से शुरू होगी और रात्रि विश्राम बलरामपुर जिले के झिंगो में होगा। 14 फरवरी को पदयात्रा बलरामपुर जिले के ओल्ड सर्किट हाउस से शुरू होगी, जो कि छत्तीसगढ़ सीमा रामानुजगंज, छत्तीसगढ़ प्रदेश में समाप्त होगी और सीमा पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को राष्ट्रीय ध्वज का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।

ये भी पढ़ें..5 दिनों तक छत्तीसगढ़ में रहेगी Rahul Gandhi की न्याय यात्रा, रायगढ़ से कोरबा…

न्याय यात्रा से उत्साहित हैं कार्यकर्ता

दीपक बैज ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक स्वागत होगा। राहुल गांधी के दौरे के स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ की जनता और छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित हैं। हम सभी खुश हैं कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ आ रही है। 14 जनवरी 2024 को मणिपुर से मुंबई तक शुरू हुई यह न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरते हुए 6700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी। छत्तीसगढ़ में यह यात्रा राज्य के सात जिलों से होकर गुजरेगी और राहुल गांधी पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ में 536 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। भूख, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की दुर्दशा और सांप्रदायिक नफरत के दौर में राहुल गांधी की न्याय पदयात्रा लोगों के घावों पर मरहम साबित होगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)