प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured क्राइम

Raebareli Road Accident: कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई, मां-बेटे समेत तीन की मौत

Raebareli-road-accident रायबरेलीः उन्नाव-रायबरेली मुख्य मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां लच्छीपुर गांव के पास एक कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इस भीषण हादसे में कार में सवार सलोन क्षेत्र के फतेहाबाद गांव निवासी एक ही परिवार के मां और दो बेटों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वही गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को सीएचसी लालगंज से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एक बच्चे को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, कल्पना सिंह (42) अपने छोटे बेटे विनय प्रताप सिंह (22) और पोती गरिमा सिंह (7) के साथ सलोन इलाके के फतेहाबाद गांव में अपने मायके में रहती हैं। उनका बड़ा बेटा अभय प्रताप सिंह (26), बहू पिंकी सिंह और पोता गौरव सिंह (5) अपने पैतृक गांव उन्नाव जिले के माखी थाना क्षेत्र के गांव जिंदाखेड़ा में रहते हैं। करीब दस दिन पहले कल्पना सिंह अपने छोटे बेटे विनय प्रताप सिंह और पोती गरिमा सिंह के साथ अपने बड़े बेटे अभय प्रताप सिंह से मिलने जिंदाखेड़ा गई थीं।

खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी कार 

शुक्रवार रात अभय प्रताप सिंह, विनय प्रताप सिंह, बेटे शिवमंगल सिंह, मां कल्पना सिंह, गरिमा सिंह, गौरव सिंह आल्टो कार संख्या यूपी 32 डीएच 4912 से वापस फतेहाबाद जा रहे थे। जैसे ही सभी लोग उन्नाव-रायबरेली मुख्य मार्ग पर लच्छीपुर गांव पहुंचे। वहां अचानक विनय प्रताप सिंह ने कार से नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या यूपी 33 एटी 9332 में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गये। हादसे में कार में सवार मां कल्पना सिंह, बेटे अभय प्रताप सिंह और विनय प्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पोती गरिमा सिंह और पोता गौरव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया व सीओ महिपाल पाठक ने शवों को कब्जे में लिया और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी लालगंज पहुंचाया। जहां से दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन गंभीर हालत में गौरव सिंह को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। गरिमा सिंह का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। ये भी पढ़ें..हिंदी भाषा को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की बड़ी टिप्पणी, राष्ट्रभाषा घोषित... पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के मामा फतेहाबाद निवासी अरविंद बहादुर सिंह और पुष्पेंद्र बहादुर सिंह को दी। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और परिवार को सांत्वना दी है। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायलों के इलाज के भी निर्देश दिये हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)