उत्तराखंड के नये मुख्यमंत्री होंगे पुष्कर सिंह धामी, आज शाम राजभवन में लेंगे शपथ

26

देहरादूनः पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत के इस्तीफा देने के बाद पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के नये मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से पुष्कर सिंह धामी को नया मुख्यमंत्री चुना गया। केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर, डी पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड भाजपा के प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम व रेखा वर्मा भी बैठक के दौरान मौजूद रहीं। श्री धामी उत्तराखंड के 11वें और अब तक सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री होंगे। श्री धामी का शपथ ग्रहण आज शाम राजभवन में होगा।

श्री धामी ऊधमसिंहनगर जिले की खटीमा सीट से लगातार दो बार विधायक चुने गए हैं। तीरथ सिंह रावत के बीती रात इस्तीफा देने के बाद से उत्तराखंड में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गयी थी। हर तरफ यहीं चर्चा थी कि अब अगला सीएम कौन होगा। वहीं इस पद के लिए कई बड़े नामों पर चर्चा भी चलनी शुरू हो गयीं थी।

यह भी पढ़ेंःपुजारा की जगह इस बल्लेबाज को मिले मौका, ब्रैड हॉग ने दी सलाह

इनमें कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक धनसिंह रावत के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम सबसे आगे चल रहा था। लेकिन आखिरकार पुष्कर सिंह धामी ने रेस में शामिल बड़े नेताओं के नामों को पीछे कर मुख्यमंत्री पद हासिल किया। वह वर्तमान में भी खटीमा से विधायक हैं। पुष्कर 16 सितंबर 1975 को पिथौरागढ़ जिले के टुंडी गांव में पैदा हुए। उनके पिता सेना में थे। पुष्कर सिंह धामी तीन बहनों के बीच अकेले भाई हैं।