Punjab: भगवंत मान की कैबिनेट का शपथ ग्रहण आज, पहली बार विधायक बने आठ बनेंगे मंत्री

0
25

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान ने शुक्रवार को अपने मंत्रिपरिषद के नामों की घोषणा की। ये मंत्री शनिवार सुबह शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में 17 की जगह है, लेकिन पार्टी फिलहाल 10 मंत्रियों को शामिल करने जा रही है। मान ने ट्विटर पर नए मंत्रिमंडल की घोषणा की। मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट के मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11 बजे पंजाब राजभवन में आयोजित होगा।

ये भी पढ़ें..युद्ध के चलते देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 622.27 अरब डॉलर पर पहुंचा

दरअसल सीएम मान ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले 10 विधायकों के नाम और उनकी तस्वीर ट्विटर पर शेयर करते हुए बताया कि नया मंत्रिमंडल आज शपथ ग्रहण करेगा। उन्होंने कहा, पंजाब का नया मंत्रिमंडल आज शपथ ग्रहण करेगा. पंजाब की आप सरकार में शामिल होने वाले सभी मंत्रियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पंजाब की जनता ने हम सबको बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी दी है। हमें दिन-रात मेहनत कर लोगों की सेवा करनी है। पंजाब को एक ईमानदार सरकार देनी है. हमें रंगला पंजाब बनाना है।

ये मंत्री हैं– हरपाल चीमा (दिरबा), बलजीत कौर (मलोट), हरभजन सिंह (जंडियाला), विजय सिंगला (मनसा), लाल चंद कटारुचक (भोआ), गुरमीत सिंह मीत हेयर (बरनाला), कुलदीप सिंह धालीवाल (अजनाला), लालजीत सिंह भुल्लर (पट्टी), ब्रह्म शंकर (होशियारपुर), और हरजोत सिंह बैंस (आनंदपुर साहिब)।

हैरानी की बात यह है कि चुनाव में सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल करने वाले सुनाम विधायक अमन अरोड़ा को मंत्रियों की पहली सूची में शामिल नहीं किया गया है। जबकि चीमा और मीत हेयर दूसरी बार विधायक बने हैं, अन्य सभी पहली बार विधायक चुने गए हैं। कोटकपूरा के विधायक कुलतार सिंह संधवान के विधानसभा अध्यक्ष होने की संभावना है। शनिवार को चंडीगढ़ में सुबह 11 बजे मंत्रियों को शामिल करने का कार्यक्रम है। बता दें कि पंजाब आम आदमी पार्टी ने विधानसभा की 117 में से 92 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज की। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 2017 में 77 सीटें जीती थीं, मगर इस बार 18 पर सिमट गई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)