Featured पंजाब क्राइम

पंजाब: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम चन्नी का भांजा हनी गिरफ्तार

चंडीगढ़ः मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने गुरुवार रात करीब दो बजे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपिंदर सिंह हनी को गिरफ्तार कर लिया। हनी को आज मोहाली को अदालत में पेश किया जाएगा। वर्ष 2018 में दर्ज हुए अवैध खनन के एक मामले में 18 जनवरी को भूपिंदर सिंह हनी के मोहाली, लुधियाना व पठानकोट ठिकानों पर छापे मारे गए थे। ईडी ने भूपिंदर के ठिकाने से 7.9 करोड़, भूपिंदर के साथी संदीप के ठिकाने से 2 करोड़, 21 लाख कीमत के सोने के गहने तथा 12 लाख की रोलेक्स घड़ी बरामद की थी।

ये भी पढ़ें..Corona के खिलाफ जंग जारी, 15 से 18 साल के 65 प्रतिशत बच्चों को लगाई गई वैक्सीन की पहली डोज

ईडी ने जालंधर स्थित कार्यालय में गुरुवार को भूपिंदर सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया। करीब 9 घंटे तक हुई पूछताछ के दौरान भूपिंदर सिंह घबरा गया और उसने ईडी अधिकारियों के समक्ष तबीयत बिगड़ने का दावा किया। जिसके बाद उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। रात करीब 1 बजे अस्पताल ने भूपिंदर की सभी जांच रिपोर्ट नॉर्मल होने का दावा किया। जिसके बाद रात 2 बजे भूपिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। ईडी द्वारा भूपिंदर को आज मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि ईडी ने छापामारी के दौरान कहा था कि देशभर में माफियाओं द्वारा करोड़ों रुपये छुपाए गए हैं, जिसे ईडी द्वारा उजागर किया जा रहा है। केवल पंजाब में अवैध रेत खनन मामले लगभग दर्जनभर जगहों पर छापेमारी की है। लुधियाना में भूपिंदर सिंह हनी के आवासीय परिसर से करोड़ों रुपये बरामद हुए थे। उधर कांग्रेस द्वारा सीएम फेस के एलान से पहले चरणजीत सिंह चन्नी के लिए इस गिरफ्तारी के बाद मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले को लेकर विपक्ष चन्नी पर हमलावर रहा है। वहीं, अपनी ही पार्टी में इस मामले में चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का साथ भी नहीं मिला है। सीएम फेस की दौड़ में चन्नी व सिद्धू हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)