Punjab Cabinet , चंडीगढ़: दिल्ली के बाद अब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार में बड़ा फेरबदल हुआ है। पंजाब के चार कैबिनेट मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। पंजाब में सोमवार को चार नए मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद से ही पंजाब में कैबिनेट विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं।
कल होगा कैबिनेट का विस्तार
पंजाब सरकार के तीन साल के कार्यकाल में यह चौथा फेरबदल होने जा रहा है। 117 विधायकों वाली पंजाब विधानसभा में सीएम भगवंत मान समेत अब तक 15 मंत्री कैबिनेट में हैं। मंत्रिपरिषद में कुल 18 मंत्री हो सकते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले कई दिनों से दिल्ली में हैं। दिल्ली में हुए बदलावों के बाद पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से हरी झंडी मिलने के बाद सोमवार को कैबिनेट विस्तार तय हो गया है।
रविवार शाम को पंजाब के जलापूर्ति एवं स्वच्छता और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा, सूचना, जनसंपर्क, खनन एवं भूमि विज्ञापन मंत्री चेतन सिंह जोड़ा माजरा, पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान और स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। पंजाब सरकार ने सभी मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर तुरंत प्रभाव से राज्यपाल को भेज दिया।
ये भी पढ़ेंः- सीएम शर्मा ने कहा- जैन धर्म में वैश्विक शांति-सद्भाव का संदेश, क्षमा से शुद्ध होती है आत्मा
ये विधायक मंत्रिमंडल में हो सकते हैं शामिल
इस बीच पंजाब सरकार ने सोमवार शाम को मंत्रिमंडल विस्तार की भी घोषणा कर दी है। जिसके तहत पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल को हराने वाले लहरागागा से विधायक बरिंदर गोयल, लुधियाना जिले के अंतर्गत आने वाले साहनेवाल से विधायक हरदीप सिंह मुंडियां, खन्ना से विधायक तरनप्रीत सिंह सोंध और हाल ही में जालंधर पश्चिम सीट से विधायक बने महिंद्र भगत को मंत्रिमंडल में शामिल होने का न्योता दिया गया है। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया सोमवार शाम चार नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।