Featured पंजाब

प्रचंड जीत के बाद अमृतसर में AAP का विजय जुलूस, लोगों ने झाड़ू हाथ में उठाकर किया स्वागत

चंडीगढ़ः पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद आम आदमी पार्टी ने पंजाब के अमृतसर में विजय जुलूस निकाला। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इस रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने झाड़ू हाथ में उठाकर स्वागत किया। इससे पहले पंजाब में मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अमृतसर पहुंचकर दरबार साहिब में माथा टेका। इसके बाद अमृतसर में विजय जलूस निकालकर लोगों का आभार जताया। अमृतसर के कचहरी चौक से आम आदमी पार्टी का विजय जुलूस शुरू हुआ। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। हालांकि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान जनता का अभिवादन कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें..कंगना ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ की तारीफ के साथ ही बाॅलीवुड की चुप्पी पर निकाली भड़ास

झाडू लेकर किया केजरीवाल का स्वागत

बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया रविवार सुबह अमृतसर पहुंचे, जहां पंजाब में आप विधायक दल के नेता भगवंत मान तथा पार्टी के सह प्रदेश प्रभारी राघव चड्ढा समेत कई विधायकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद केजरीवाल, भगवंत मान और अन्य नेताओं ने दरबार साहिब जाकर माथा टेका। जहां शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा उन्हें सिरोपा भेंट किया गया। दरबार साहिब के बाद आप नेताओं ने जलियांवाला बाग जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दुर्गयाणा मंदिर तथा वाल्मीकि मंदिर में माथा टेकने के बाद केजरीवाल पार्टी के विजय जलूस में शामिल हुए। यह विजय जलूस अमृतसर के विभिन्न हिस्सों से होकर निकाला गया, जहां लोगों ने सड़क के दोनों तरफ हाथों में झाडू लेकर केजरीवाल, भगवंत मान और अन्य नेताओं का स्वागत किया।

16 मार्च को शपथ लेंगे भगवंत मान

गौरतलब है कि प्रंचड जीत मिलने के बाद पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर भगवंत मान 16 मार्च को शपथ लेंगे। इससे पहले उन्होंने शनिवार को एक बड़ा बयान दिया। भगवंत मान ने कहा, "हमारी कोशिश यही रहेगी कि लोगों के काम उनके घरों पर हों। जब हम वोट मांगने उनके घर पर जाते हैं, तो फिर उन्हें चंडीगढ़ क्यों बुलाते हैं। पंजाब की सरकार लोगों के द्वार पहुंचेगी।" वहीं पूर्व मंत्रियों और विधायकों की सुरक्षा हटाने की खबरों पर पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "थाने खाली पड़े हैं। हम पुलिस बल से ही पुलिस का काम लेंगे। मुझे लगता है कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा कुछ लोगों की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण है।"

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)