अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पैदल मार्च करेंगी प्रियंका गांधी, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारे को देंगी बढ़ावा

178

नई दिल्लीः कांग्रेस नारी शक्ति की बदौलत उत्तर प्रदेश में राजनीति की तस्वीर बदलने की कोशिश करने में लगी हुई हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में पैदल मार्च करेंगी। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ की हुँकार पूरे देश में उद्घोष बनकर गूंज रही है। 8 मार्च को महिला दिवस पर लखनऊ ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ मार्च के जरिए इतिहास रचने जा रहा है।

इसके अलावा उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप भी इस मार्च में प्रियंका गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर इतिहास का हिस्सा बनिए। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महिलाओं और युवाओं के मुद्दे को भुनाने में लगी हुई है। चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने महिला उम्मीदवारों को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा की थी। कांग्रेस के अनुसार इस अभियान में पूरे देश से कांग्रेस पार्टी की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि शामिल होंगी। आठ मार्च को सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला यह मार्च बेगम हजरत महल चौराहे से ऊदा देवी चौराहे तक वहां से होते हुए जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास खत्म होगा।

ये भी पढ़ें..CISF के 53वें स्थापना दिवस पर अमित शाह बोले- महिलाओं की…

वहीं इस मार्च में डॉक्टर्स, सेविकाओं, शिक्षिकाओं के साथ खेल और सिने जगत से जुड़ी महिलाओं के अलावा कांग्रेस की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगी। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। प्रदेश कांग्रेस प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगी हुई हैं। पार्टी दावा कर रही है कि इस कार्यक्रम में भारी तादाद में महिलाएं शामिल होगीं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)