उत्तर प्रदेश क्राइम

पॉक्सो एक्ट में सजा काट रहे कैदी ने की खुदकुशी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

blog_image_6630996d8c8f6

एटाः जिला कारागार में तीन साल से बंद पॉक्सो एक्ट के सजायाफ्ता कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैदी का शव भोजनालय में लगे पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला है। जेल प्रशासन ने शव को उतारते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाया है और न्याय की मांग की है।

जेल प्रशासन में हड़कंप

एटा कोतवाली नगर के हिंदू नगर निवासी साजिद (24) आईपीसी की धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी है। अदालत द्वारा धारा 376 के तहत 10 साल और POCSO अधिनियम के तहत 20 साल की सजा सुनाए जाने के बाद साजिद 2021 से एटा जेल में बंद था। सोमवार रात साजिद ने जेल मेस में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैदी साजिद का शव भोजनालय में पंखे से लटका मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शव को फंदे से उतारते हुए घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गयी।

यह भी पढे़ंः-राहुल गांधी बोले, यह संविधान, लोकतंत्र व आरक्षण बचाने का है चुनाव

 उच्चस्तरीय जांच की मांग

एटा जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने कैदी साजिद की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ और पौने नौ बजे साजिद ने भोजनालय में गुपचुप तरीके से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैदी को फांसी दिए जाने की सूचना मिलने पर एटा के अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाह, सीओ सिटी विक्रांत दुबे, सीओ सर्किल संजय सिंह, कोतवाली नगर और देहात इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ जेल पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। जहां पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, मृतक कैदी साजिद के भाई सलमान खान ने उनकी हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच और न्याय की मांग की है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)