प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured क्राइम

बांदा की हाई प्रोफाइल जेल में सुरक्षा व्यवस्था को सेंध लगा कैदी फरार, इसी जेल में बंद है माफिया मुख्तार अंसारी

बांदाः बांदा की हाई प्रोफाइल जेल से ट्रिपल लेयर सुरक्षा को भेद कर एक कैदी फरार हो गया। जेल से फरार कैदी की खोजबीन को पुलिस टीमें गठित की गयी है। कैदी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है। इसी जेल में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी भी बंद है। जिसके लिए यहां ट्रिपल लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

बताया जाता है इस जेल में विजय आरख पुत्र रामकिशोर आरख निवासी ग्राम बरसडा बुजुर्ग थाना गिरवां 6 फरवरी 2021 से बंद है। रविवार की शाम जब सभी कैदियों की गिनती की गई तो विजय आरख गायब मिला। इसके बाद जेल प्रशासन देर रात तक कैदी को जेल में ही ढूढता रहा। जब वह कहीं नहीं मिला तब अलार्म बजाया गया। अलार्म बजते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस बारे में सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जेल से भागा हुआ कैदी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी तलाश करने के लिए पुलिस ने टीमें बनाई गई है। जल्द ही कैदी को पकड़ लिया जाएगा। बताते चलें कि, इसी जेल में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को भी रखा गया है।

यह भी पढ़ेंःयूपी को मिलने लगी कोरोना से राहत, बीते 24 घंटे में मिले 727 नए केस

मुख्तार अंसारी को पंजाब जेल से लाया गया था और प्रशासन ने दावा किया था कि यहां थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था है जिससे यहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। इसके बावजूद कैदी जेल प्रशासन को चकमा देकर भागने में सफल हो गया। वहीं, अभी हाल में ही चित्रकूट जेल में गैंगवार हुआ था जिसमें तीन कैदी मारे गए थे। इस घटना के बाद प्रदेश के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी। इसके बाद भी बांदा जेल से कैदी के भाग जाने से एक बार फिर जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।