राष्ट्रपति मुर्मू आज उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना

13
draupadi-murmu-visits-mp

Bhopal News:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) अपने मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन आज विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इस दौरान वो उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन सड़क का भूमि पूजन करेंगी और ग्राम ढेंडिया में आयोजित सफाई मित्र सम्मेलन में शामिल होकर सफाई मित्रों का सम्मान करेंगी।   

सफाई-मित्रों से संवाद करेंगी द्रौपदी मुर्मू         

इसके साथ ही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू इंदौर से प्रात: 10:10 बजे उज्जैन के ग्राम ढेंडिया स्थित होटल रूद्राक्ष परिसर में देश की स्वच्छता में योगदान देने वाले कर्मठ सफाई-मित्रों से संवाद करेंगी साथ ही स्वच्छता पखवाड़े सम्बन्धित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। इसके बाद वो ग्राम ढेंडिया होटल रूद्राक्ष परिसर में आयोजित सफाई मित्र सम्मेलन एवं उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन रोड के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। और स्वच्छता मित्रों को सर्टिफिकेट वितरित करेंगी।

महाकालेश्वर मंदिर में करेंगी दर्शन- पूजन   

बता दें, इसके बाद वे महाकालेश्वर मंदिर (Mahakaleshwar Temple) पहुंचेंगी, जहां उनका मन्दिर के नन्दी द्वार पर स्वस्ति वाचन एवं शंख वादन से उनका स्वागत होगा। इसके बाद राष्ट्रपति ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन, पूजन-अर्चन कर जलाभिषेक करेंगी। नन्दी हॉल में महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति द्वारा राष्ट्रपति का शाल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रसाद देकर स्वागत किया जाएगा। दर्शन के बाद मन्दिर परिसर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अन्तर्गत राष्ट्रपति श्रमदान करेंगी। इसके पश्चात शिखर दर्शन कर कोटि तीर्थ पर राष्ट्रपति के साथ समूह चित्र खिंचवाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: जीतू पटवारी बोले- बीजेपी ने चीजों को छि‍पाने व‍िधायक देंवेंद्र यादव के ऊपर फोड़ा ठीकरा

राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी महाकाल महालोक का भ्रमण 

इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकाल महालोक का भ्रमण करेंगी और यहां मूर्ति बना रहे शिल्पकारों से त्रिवेणी सभा मण्डपम में संवाद करेंगी। वहीं दोपहर बाद राष्ट्रपति उज्जैन से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगी। उज्जैन से लौटने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। शाम को राष्ट्रपति इंदौर विमानतल से विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)