Home टॉप न्यूज़ राष्ट्रपति ने गलवान के शहीद कर्नल संतोष बाबू ‘महावीर चक्र’ से सम्मानित

राष्ट्रपति ने गलवान के शहीद कर्नल संतोष बाबू ‘महावीर चक्र’ से सम्मानित

नई दिल्ली: राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने लद्दाख की गलवान घाटी में ऑपरेशन ‘स्नो लेपर्ड’ के दौरान चीनी सैनिकों के साथ लोहा लेते हुए शहीद बिहार रेजीमेंट की 16वीं बटालियन के कर्नल संतोष बाबू को मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया। समारोह में कर्नल संतोष बाबू की मां और पत्नी ने राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त किया।

राष्ट्रपति कोविन्द ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण -I में वर्ष 2021 के लिए एक महावीर चक्र, एक कीर्ति चक्र, पांच वीर चक्र, सात शौर्य चक्र, 16 परम विशिष्ट सेवा मेडल, दो उत्तम युद्ध सेवा मेडल और 25 अति विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किये। जवानों को वीरता पुरस्कार और विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान करने का दूसरा सत्र आज शाम को आयोजित होगा। इससे पहले सोमवार को दो सत्रों में रक्षा अलंकरण समारोह आयोजित कर वर्ष 2020 के लिए 111 जवानों को वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया था।

राष्ट्रपति ने आज समारोह में जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में एक आतंकवादी को मारने और दो अन्य को घायल करने के लिए चार पैरा स्पेशल फोर्स के सूबेदार संजीव कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने उनकी पत्नी को यह पुरस्कार सौंपा।

राष्ट्रपति ने कर्नल संतोष बाबू के साथ ऑपरेशन ‘स्नो लेपर्ड’ का हिस्सा रहे नायब सूबेदार नूदुराम सोरेन, हवलदार के पिलानी, नायक दीपक सिंह और सिपाही गुरतेज सिंह को वीर चक्र से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने 3 मीडियम रेजिमेंट के हवलदार तेजिंदर सिंह को भी वीर चक्र प्रदान किया।

जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में अपने जीवन का बलिदान करने वाले 21 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर अनुज सूद और राइफलमैन शिव कुमार को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट कर्नल कृष्ण सिंह रावत, मेजर अनिल उर्स, राइफलमैन प्रणब ज्योति दास, पैराट्रूपर सोनम शेरिंग तमांग और विंग कमांडर विशाख नायर को शौर्य चक्र प्रदान किया।

यह भी पढ़ेंः-आज ही पड़ी थी पूर्वी पाकिस्तान को बांग्लादेश के रूप में नया राष्ट्र बनाने की नींव, भारत ने किया था ये काम

लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला और एयर मार्शल नवकरणजीत सिंह ढिल्लों को परम विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान गया। भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी, नौसेना प्रमुख के वाइस एडमिरल आर हरि कुमार को परम विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किया। राष्ट्रपति ने सैन्य सचिव लेफ्टिनेंट जनरल राजीव सिरोही को उत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)

Exit mobile version