Ranchi: 28 को रांची आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी नियुक्त

0
3

रांची (Ranchi): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 28 फरवरी को रांची में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने आदेश जारी किया है। इसके तहत विधि-व्यवस्था के लिए चार जोन में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी प्रतिनियुक्तियां 28 फरवरी से राष्ट्रपति के प्रस्थान के दो घंटे बाद तक प्रभावी रहेंगी।

उपायुक्त के आदेश में राष्ट्रपति की सुरक्षा, मार्ग के प्रमुख चौक चौराहों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, कार्यक्रम स्थल में अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल-शौचालय व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, मेडिकल, वाहन पार्किंग, खाद्य पदार्थों की जांच आदि को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। संबंधित पदाधिकारियों को ससमय सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ेंः-Palamu: स्कूली बच्चों को हुसैनाबाद से नबीनगर ले जा रही बस पलटी, कई घायल

नो ड्रोन जोन घोषित

कार्यक्रम की ब्रीफिंग एवं रिहर्सल 27 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से सेंट्रल यूनिवर्सिटी, मनातू, रांची में किया जायेगा। इसमें सभी दंडाधिकारी, सभी स्तर के पुलिस पदाधिकारी और बलों को मौजूद रहने का आदेश दिया गया है। कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा के संपूर्ण प्रभार में रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी होंगे। उपायुक्त द्वारा पूरे रूट लाइन एवं कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र को नो ड्रोन जोन घोषित करने का आदेश सदर अनुमंडल पदाधिकारी को दिया गया है।

मेधावियों का सम्मान करेंगी राष्ट्रपति

झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे), रांची का तीसरा दीक्षांत समारोह 28 फरवरी को आयोजित होगा। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों तीन कुलाधिपति पदक, 64 स्वर्ण पदक और 35 पीएचडी डिग्री दी जायेगी। यूनिवर्सिटी के वीसी केबी दास ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 2021 और 2022 में उत्तीर्ण स्टूडेंट्स को सर्टिफिकेट मिलेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)