Queen Elizabeth II: महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

59

नई दिल्लीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 सितम्बर को लंदन में महारानी एलिजाबेथ (द्वितीय) के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगी और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए मुर्मू 17 से 19 सितम्बर तक लंदन के दौरे पर रहेंगी। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी लंदन आएंगे।

ये भी पढ़ें..नेत्रहीन रेप पीड़िता के बच्चे के नाम पर 10 लाख जमा करेगी सरकार, कोर्ट ने दिया आदेश

बता दें कि ब्रिटेन की पूर्व राष्ट्राध्यक्ष और राष्ट्रमंडल राष्ट्र की प्रमुख महारानी एलिजाबेथ का 8 सितम्बर को निधन हो गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महारानी एलिजाबेथ के निधन पर शोक व्यक्त किया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत की संवेदना व्यक्त करने के लिए 12 सितम्बर को नई दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग का दौरा किया। भारत ने रविवार (11 सितम्बर) को राष्ट्रीय शोक का दिन भी मनाया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया था, “महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को एक दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने अपने देश और लोगों को प्रेरक नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया। उनके निधन से दुखी हूं।”

विदेश मंत्रालय ने एक ब्यान में कहा, “महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 70 वर्षो के शासनकाल में, भारत-ब्रिटेन के संबंध बहुत विकसित और मजबूत हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल के प्रमुख के रूप में दुनिया भर के लाखों लोगों के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)