Featured राजनीति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस नेता ने दिया विवादित बयान, नोटिस जारी

नई दिल्लीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज के विवादित बयान पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने नोटिस जारी कर उदित राज से माफी मांगने को कहा है। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने गुरुवार को ट्वीट करके उदित राज के बयान को आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि देश की प्रथम महिला अपनी मेहनत और लगन से उस मुकाम तक पहुंची हैं। उनके खिलाफ किए गए इस आपत्तिजनक बयान पर उदित राज को माफी मांगनी चाहिए।

ये भी पढ़ें..हाथी के बच्चे की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

बता दें कि कांग्रेस नेता उदित राज ने बुधवार को ट्वीट किया, “द्रौपदी मुर्मू जी जैसा राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद्द है। कहती हैं 70 प्रतिशत लोग गुजरात का नमक खाते हैं। खुद नमक खाकर ज़िंदगी जिएं तो पता लगेगा।”

https://twitter.com/Dr_Uditraj/status/1577711399735742467?s=20&t=LOgREsF8seDPphutiKTsmg

उधर भाजपा ने कांग्रेस नेता उदित राज के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को आढ़े हाथों लेते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। भाजपा ने कहा कि यह टिप्पणी कांग्रेस की ‘आदिवासी विरोधी' मानसिकता को दर्शाती है। ज्ञात हो कि राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद मुर्मू सोमवार को पहली बार गुजरात पहुंची थीं।

वहीं भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘‘यह आश्चर्यजनक और दुख की बात है कि कांग्रेस के नेता लगातार इस प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं। यह कांग्रेस की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।''

शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘‘उदित राज ने तत्कालीन राष्ट्रपति (कोविंद) के लिए ‘गूंगा और बहरा' शब्द का इस्तेमाल किया था। अब उन्होंने मुर्मू जी को चमचा कहा है। कांग्रेस ने कभी उन पर कार्रवाई नहीं की, क्योंकि वह उनकी राय का समर्थन करती है।'' इस मुद्दे पर विवाद बढ़ने के बाद उदित राज ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू के बारे में की गई उनकी टिप्पणी निजी है और इससे कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)