यूपी विधानसभा चुनाव को प्रसपा ने तैयारियां की तेज, पांच सीटों पर इन उम्मीदवारों के नाम पर लग सकती है मुहर

38

लखनऊः प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने राजधानी लखनऊ की नौ विधानसभाओं में से पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर दिये हैं। प्रसपा लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश में मजबूती से उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर ली है। इसके लिए प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पार्टी मुख्यालय में लगातार मंथन कर रहे हैं। लखनऊ के नामों के चयन के लिए आखिरी दौर में विचार चल रहा है और पांच सीटों पर अंतिम मोहर लग सकती है।

लखनऊ में कुल नौ विधानसभा सीटें हैं। प्रसपा लोहिया के पदाधिकारियों में पांच सीटों सरोजनीनगर विधानसभा सीट पर पूर्व विधायक शारदा प्रसाद शुक्ला, लखनऊ उत्तर सीट पर अजय त्रिपाठी मुन्ना, लखनऊ पश्चिम सीट पर गयासुल हक, कैंट विधानसभा पर इंजीनियर अजय कुमार और बीकेटी सीट पर रंजीत यादव के नामों पर अंतिम दौर का विचार हो रहा है। प्रसपा लोहिया में संगठन का कार्य कर रहे रंजीत यादव के बीकेटी से पदाधिकारियों ने नाम आगे बढ़ाया है और प्रदेश कार्यकारिणी ने रंजीत के नाम पर संस्तुति भी दे दी है। इसी तरह लखनऊ में महापौर का चुनाव लड़ चुके अजय त्रिपाठी मुन्ना का नाम लखनऊ उत्तर विधानसभा से मजबूती से लिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें-महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांध कर किया बक्सवाहा के जंगल की…

अजय वर्ष 2009 में बसपा में रहते हुए प्रभारी थे, 2011 में तत्कालीन अंटू मिश्र के चुनाव के प्रभारी रहे और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भी प्रभारी रहे। शिवपाल सिंह यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले शारदा प्रसाद शुक्ला को सरोजनी नगर से टिकट मिलने में कोई कोरकसर नहीं है। बल्कि पिछले चुनाव में शारदा प्रसाद के भारी हार को देखते हुए उन्हें ही सरोजनी नगर से नए नाम के चयन की जिम्मेदारी दे गयी थी, फिलहाल सरोजनीनगर से शारदा प्रसाद शुक्ला का नाम अंतिम राउंड में है।